डायल 112 ने बाइक सवार पिता-पुत्री को मारी टक्कर:सिरसा में इलाज के दौरान बेटी की मौत, पिता की हालत गंभीर

Spread the love

सिरसा जिले के ऐलनाबाद में डायल 112 पुलिस की गाड़ी की टक्कर से घायल हुई 14 वर्षीय अनुष्का की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस हादसे में उसके पिता राजकुमार गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बता दे कि यह घटना 4 फरवरी की शाम पौने छह बजे ऐलनाबाद के खोसा स्टेडियम के मुख्य गेट के सामने हुई थी। जहां राजकुमार अपनी बेटी अनुष्का और बेटे कुनाल के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार से सामान लेकर स्टेडियम की ओर जा रहे थे। तभी सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रही डायल 112 की गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्री घायल बता दे कि टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार और दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में राजकुमार और अनुष्का को गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे कुनाल की टांगों में चोट लगी। मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा ऐलनाबाद के वार्ड 16 निवासी खेताराम, जो रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हैं, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा राजकुमार बिजली विभाग में कार्यरत है। पुलिस ने खेताराम के बयान के आधार पर कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इलाज के दौरान पुत्री की मौत लोगों की मदद से घायल राजकुमार और अनुष्का को उसी पुलिस वाहन से तथा कुनाल को दूसरी गाड़ी से सरकारी अस्पताल ऐलनाबाद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने राजकुमार और अनुष्का को सिरसा रेफर कर दिया। बाद में परिजन। उन्हें उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को अनुष्का की मौत हो गई। पिता की हालत गंभीर खेताराम ने बताया कि हादसे के समय उसका बेटा और पोती बयान देने की स्थिति में नहीं थे। बेटे राजकुमार के पेट का आपरेशन हुआ है और वह अभी भी बेहोश है। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर डायल 112 वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं जब इस मामले में संबंधित थाने में बात की गई तो उन्होंने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जो आगामी कार्रवाई है। अब वो अमल में लाई जाएगी