खुद को मूंछों में देखकर धीरेंद्र शास्त्री चौंक गए:सांसद की महिलाओं को सलाह- थोड़ी रंगदारी दिखाओ; डिप्टी सीएम ने मंत्री विजयवर्गीय को टोका

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। एक ही चम्मच से खिलाया केक, डिप्टी सीएम ने टोका
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कुछ ऐसा कर दिया कि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल को उन्हें मंच पर ही टोकना पड़ा। यह दिलचस्प वाकया रीवा का है, जो कैमरे में कैद हो गया। हुआ यूं कि इंदौर से रीवा के बीच फ्लाइट की शुरुआत हुई तो रीवा एयरपोर्ट पर जश्न मनाया गया। केक काटा गया। इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने अपने पास खड़े डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल को केक खिलाया, फिर उसी चम्मच से सांसद जनार्दन मिश्रा को केक खिलाया। विजयवर्गीय इसी चम्मच से एयरपोर्ट के अधिकारी को भी केक खिलाने वाले थे कि डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने टोक दिया और चम्मच को नीचे रखकर दूसरी चम्मच लेने का इशारा किया, जिसके बाद उन्होंने सभी को अलग-अलग चम्मच से केक खिलाया। मंत्री विजयवर्गीय ने अब फिर से कुछ ऐसा कर दिया कि लोग हैरान रह गए। उन्होंने अपने पास खड़े सीधी सांसद राजेश मिश्रा, मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल और मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति को बारी-बारी से केक खिलाया, लेकिन चम्मच उनके मुंह में ही छोड़ दी। खुद को मूंछों में देखकर चौंक गए पंडित धीरेंद्र शास्त्री
पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपनी खुद की मूंछ वाली फोटो देखकर चौंक गए। दरअसल, मुंबई में कथा के दौरान एक भक्त पंडित धीरेंद्र शास्त्री की मूंछ वाली फोटो लहरा रहा था। इस पर नजर पड़ी तो धीरेंद्र शास्त्री ने पूछ लिया- भैया तुमने हमारी फोटो में मूंछ क्यों लगा दी। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने इस तस्वीर पर कहा- ये फोटो हमने भी देखी थी। किसी ने हमारी फोटो में एआई से मूंछ लगा दी। ये कहकर धीरेंद्र शास्त्री हंसने लगे। कथा पंडाल में भी ठहाके गूंजने लगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- गजब है, जय हो मुंबई वालों, तुम्हारा जलवा भी ऊंचा है। बता दें कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मुंबई में 19 से 21 दिसंबर तक श्री हनुमंत कथा की। इस दौरान बॉलीवुड की हस्तियां भी यहां पहुंची। शराब बंद करा दो, इस पर सांसद ने दी अजीब सलाह
नर्मदापुरम से भाजपा सांसद दर्शन सिंह ने जनता दरबार लगाया तो महिलाओं ने अवैध शराब बिक्री को लेकर शिकायत की। इस पर सांसद ने इसे बंद कराने का भरोसा तो दिया, लेकिन महिलाओं को अजीब सलाह दे डाली। सांसद ने कहा कि दो-एक दिन जो आदमी पी कर आए उसे खाना मत दो। दो-एक दिन तुम कुछ रंगदारी दिखाओ। इस पर महिलाओं ने मजबूरी बताई। कहा कि कुछ के पति तो ऐसे हैं कि मारने को तैयार हो जाते हैं। इस पर सांसद ने बात पलट दी और कहा- अब तो तुम लाड़ली बहना हो। लाड़ली बहना के पैसे मिल रहे हैं न। इस पर महिलाओं ने हां किया। फिर महिलाओं ने हाथ जोड़कर कहा- इतनी विनती है कि शराब बंद हो जाए। फिर सांसद ने कहा कि जरूर बंद होगी। आपको जल्द रिजल्ट दिखेगा। सांसद दर्शन सिंह ने पिपरिया एसडीओपी को बुलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। खरी बात ये है कि नर्मदापुरम जिले में धड़ल्ले से अवैध शराब बिक रही है। हाल ही में नर्मदापुरम दौरे पर आए प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से जब इस पर सवाल किया गया था तो उन्होंने ये कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि मैं पीता नहीं, इसलिए मुझे नहीं मालूम। ऐसा सीन.. कि सांसद समेत तमाम लोग सहम गए
पन्ना में भाजपा सांसद वीडी शर्मा तंत्र-मंत्र का सीन देखकर सहम गए। उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए। यहां नींबू-मिर्च रखी थी। कील लगा पुतला रखा गया था। साथ ही सिंदूर भी छिड़का गया था। हालांकि, ये एक रंगोली थी। दरअसल, पन्ना में सांसद खेल महोत्सव के तहत रंगोली प्रतियोगिता रखी गई थी। सांसद वीडी शर्मा एक के बाद एक सभी रंगोली देख रहे थे, तभी उनकी नजर एक रंगोली पर पड़ी। जिस अंदाज में रंगोली बनाई गई थी, उसे देखकर वीडी शर्मा रुके और पूछा कि ये क्या है? इस पर रंगोली बनाने वाली छात्राओं ने कहा कि इस रंगोली के जरिए हम ये संदेश देना चाहते है कि अंधविश्वास के चक्कर में नहीं पड़ना चाहिए। ये संदेश तो ठीक था, लेकिन रंगोली इतनी रियल लग रही थी कि सांसद समेत वहां मौजूद तमाम लोग पल भर के लिए सकते में आ गए। इनपुट सहयोग – अभिलाष मिश्रा (रीवा), धर्मेंद्र दीवान (नर्मदापुरम), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
एक्टर राजपाल यादव ने बढ़ाई धीरेंद्र शास्त्री की टेंशन: अमित शाह आ रहे, रातो-रात बन गई सड़कें सड़कों को लेकर मध्य प्रदेश फिर सुर्खियों में आ गया है। कहीं बड़े नेताओं के आने पर रातो-रात चमचमाती सड़कें बन गईं तो कहीं मंत्री खुद सड़कें उखाड़कर घटिया निर्माण की पोल खोल रहे हैं। इधर, सोशल मीडिया पर भी अलग ही बवाल मचा हुआ है। इधर, एक्टर राजपाल यादव ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की टेंशन बढ़ा दी है। पढ़ें पूरी खबर