धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सोमवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर हमला हो गया। उनके खेत में पत्थर से वार किया गया। सिर में चोट आई है। विधायक कालू सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि यह घटना दोपहर करीब 12 बजे फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतिक्षालय के पीछे वाले खेत में हुई। वे अपने साथियों नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमैन कैलाश पवार के साथ खेत में चल रहे काम को देखने पहुंचे थे। तस्वीरें देखिए… विधायक ने पड़ोसी पर लगाया आरोप विधायक ने पुलिस को बाताय है कि उनके खेत के पड़ोसी प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल और रंजू पति शंकर गिरवाल निवासी ग्राम सिरसोदिया वहां आए। उन्होंने जमीन को अपनी बताते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने विधायक को अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। विधायक के अनुसार, इसी विवाद के बीच प्रिंस ने पत्थर से उनके सिर पर वार किया, जिससे खून बहने लगा। अन्य आरोपियों ने भी उनके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। साथी लेकर पहुंचे अस्पताल घटना के बाद, उनके साथियों ने बीच-बचाव कर घायल विधायक को शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। धामनोद पुलिस ने आरोपियों प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई और रंजू के खिलाफ धारा 296(ए), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धरमपुरी भाजपा विधायक पर हमला, सिर में गंभीर चोट:जमीन विवाद में पड़ोसियों ने पत्थर मारा; खेत का काम देखने गए थे ठाकुर
