देवास जिला शिक्षा अधिकारी वित्तीय अनियमितताओं के चलते निलंबित:जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पुष्टि के बाद कार्रवाई, उज्जैन संभागायुक्त ने दिया आदेश

Spread the love

देवास में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. भारती को शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत यह कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह ने एक जांच टीम का गठन किया था। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में कार्यालय में वित्तीय अनियमितताएं पाए जाने की पुष्टि की। कलेक्टर के प्रतिवेदन पर कार्रवाई हुई कलेक्टर देवास ऋतुराज सिंह के प्रतिवेदन पर संभाग आयुक्त उज्जैन आशीष सिंह ने एच.एस. भारती को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, उज्जैन कार्यालय रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। शासन के आगामी आदेश तक, देवास के जिला परियोजना समन्वयक अजय मिश्रा को जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे इस पद के कार्यों का भी संपादन करेंगे।