(संशोधित) बलरामपुर : 84 लीटर देसी शराब के साथ उत्तरप्रदेश के दो शराब तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर पुलिस ने शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तरप्रदेश के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक बोलेरो वाहन समेत 84 लीटर देसी शराब जब्त किया है। दोनों की कुल कीमत 8 लाख 31 हजार पांच सौ रूपये आंकी जा रही है।

बलरामपुर पुलिस से आज रविवार को जारी विज्ञप्ति अनुसार, 23 अगस्त की देर रात रघुनाथनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, ग्राम झापर के रास्ते उत्तर प्रदेश से शराब की अवैध तस्करी करते हुए बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 66 जेड डी 2001 में दो व्यक्ति आने वाले हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना प्रभारी देवेंद्र ठाकुर अपने स्टाफ के साथ ग्राम झापर में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान बोलेरो वाहन सवार आरोपित चंदन बाबू ग्राम गुफापर, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश व सहयोगी साथी अब्दुल सत्तार ग्राम डूमरहर थाना बभनी जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश को अवैध शराब को परिवहन करते पकड़ा गया।

आरोपितों के कब्जे से कुल 420 पीस देसी शराब सहित बोलेरो क्रमांक एमपी 66 जेड डी 2001 कीमती करीब आठ लाख रुपये एवं 84 लीटर देसी शराब कीमती करीब 31500 रूपये कुल कीमत करीब आठ लाख 31 हजार पांच सौ रूपये के साथ दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आज जेल दाखिल किया गया।

कार्रवाई में रघुनाथनगर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र ठाकुर प्रधान आरक्षक योगेश मरावी आरक्षक जुगेश जायसवाल नगर सैनिक सचेत साहू अरुण पटेल टेकचंद वर्मा शामिल रहे।