उन्नाव, 9 दिसंबर । उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने आज कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद लाल टोपी वाले नहीं दिखाई दे रहे हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश के वर्ष 27 के विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करेगी। अभी मतदाता शुद्धिकरण अभियान में घुसपैठियाें के खिलाफ कार्रवाई हाे रही है लेकिन सपा, बसपा और कांग्रेस वालाें काे दर्द हाे रहा है। गत लोकसभा चुनाव में भी मोदी को प्रधानमंत्री न बनने देने को लेकर इन्हीं दलाें ने दुष्प्रचार किया था। सच कहूं ताे यह सब देश के दुश्मन हैं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज उन्नाव जिले में जिला भाजपा मुख्यालय पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने विपक्षी दलों पर करारा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने गत लोकसभा चुनावों में दुष्प्रचार किया था कि भाजपा सत्ता में आई तो संविधान और आरक्षण खत्म कर देगी, लेकिन यह दुष्प्रचार भी इनके काम नहीं आया क्याेंकि यह सब लोकतंत्र के दुश्मन है। भाजपा ने कार्यकर्ताओं के बल पर दिल्ली में दो तिहाई बहुमत से रेखा गुप्ता की सरकार बनी है। भाजपा ने बिहार विधानसभा चुनाव में जीतकर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाई है। बिहार की इस बड़ी जीत का कारण के कारण पश्चिम बंगाल की तृण मूल कांग्रेस सरकार बौखला गई है।
मौर्य कहा कि हमारी सरकार घुसपैठियों पर कार्यवाही करती है तो दर्द सपा प्रमुख अखिलेश को होता है। उन्होंने कहा कि सिमी के कई आतंकियों पर कार्रवाई हुई थी लेकिन अखिलेश सरकार ने मुकदमे वापस लिए थे जबकि कई को न्यायालय ने फांसी तक की सजा सुनाई है। इतना ही नहीं सपा सरकार ने ही अयाेध्या में राम भक्ताें पर गाेलियां चलवाई थीं। उन्हाेंने आगे कहा कि उन्नाव क्रांतिवीरों की धरती है। वंदे मातरम का 150 वर्ष हो गया है। अनेकों क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम का जय घोष कर अपना जीवन राष्ट्र के लिए बलिदान किया है लेकिन विपक्षी दल इस पर भी राजनीति कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि अगर मोदी प्रधानमंत्री न बनते तो राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटना संभव नहीं था।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री माैर्य ने सदर विधानसभा के गांव टीकर गढ़ी में सेक्टर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक क। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के संदर्भ में बात की। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने पार्टी के जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी की अगुवाई में उप मुख्यमंत्री का कानपुर राेड पर बनी पुल, सोहरामऊ नवाबगंज, दही चौकी में पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पार्टी की जनपद प्रभारी अर्चना मिश्रा, पंकज गुप्ता,, बृजेश रावत, अनिल सिंह, बम्बा लाल दिवाकर, रामचंद्र प्रधान सदस्य विधान परिषद, श्रीकांत कटियार सहित सभी विधायक, जिला पंचायत शकुन सिंह उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त जनपद के सभी मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पूर्व जिला अध्यक्ष व अन्य कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भागीदारी की।
