हरियाणा में जीटी रोड बेल्ट पर घना कोहरा:विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक, ऑरेंज अलर्ट जारी; कल से और बढ़ेगी ठंड

Spread the love

हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की ओर से आज ( 27 दिसंबर) पूरे प्रदेश के लिए ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जीटी रोड बेल्ट पर आने वाले करनाल, पानीपत, सोनीपत समेत राज्य के कई जिलों में सुबह कोहरा छाया है। ग्रामीण क्षेत्रों में विजिबिलिटी 10 से 50 मीटर तक है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने की उम्मीद है। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। प्रदेश में सुबह के समय ठंड का असर अधिक देखने को मिल रहा है। खासतौर पर जीटी रोड से सटे जिलों में घना कोहरा छाने के कारण ठंड का डबल अटैक महसूस किया जा रहा है। वहीं दक्षिणी हरियाणा में सूखी ठंड पड़ रही है, जिससे लोगों को ज्यादा ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, नारनौल का न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं पलवल का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जीटी रोड के जिलों में कोहरा
हरियाणा में जीटी रोड के जिलों सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में सुबह से घना कोहरा छाया है। वहीं राजस्थान के लगते इलाकों में कोहरे को लेकर राहत है। हिसार बेल्ट की बात करें तो हिसार में हल्का कोहरा छाया है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा है। फतेहाबाद शहर में मौसम साफ है, लेकिन आउटर इलाकों में कोहरा दिखाई दे रहा है। 31 दिसंबर तक चलेगा शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कोहरे के साथ-साथ शीत लहर भी चलेगी। जिसके कारण ठंड का असर लोगों को दिन में भी दिखाई देगा। हालांकि शीत लहर की वजह से दिन में कोहरा जल्दी छंट जाएगा। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 31 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 28 से 30 दिसंबर के बीच में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। लेकिन 31 दिसंबर के बाद उत्तर व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट हो सकती है।