काशी में घना कोहरा, 10 फ्लाइट लखनऊ डायवर्ट:सोनभद्र सबसे ठंडा, 50 से ज्यादा ट्रेनें लेट; 3 दिन ऐसे रहेगा मौसम

Spread the love

उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और कोहरा पड़ रहा है। आज शुक्रवार को झांसी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या सहित करीब 35 जिलों में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने 33 जिलों में कोल्ड डे की चेतावनी दी है। वहीं, गुरुवार को कई इलाकों में दोपहर में हल्की धूप खिली, लेकिन गलन भरी सर्द पछुआ ने लोगों को असहज किया। 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सोनभद्र प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई। वाराणसी में पिछले 22 वर्ष का रिकॉर्ड टूटा है, 5वीं बार जनवरी माह में शहर सबसे ठंडा रहा। सड़क, रेल और हवाई सफर बुरी तरह से प्रभावित है। प्रदेश में 50 ट्रेनें लेट हैं। गुरुवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर ब्लैक आउट जैसा मंजर रहा। घने कोहरे के चलते 10 फ्लाइट्स को लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। उन्हें लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से यात्रियों को लेकर वाराणसी पहुंचे इंडिगो एयरलाइंस का विमान करीब 1 घंटा 10 मिनट तक आसमान में 10 चक्कर लगाता रहा। 12 उड़ानें कैंसिल कर दी गईं। इस वजह से केंद्रीय राज्य मंत्री निखिल खड़से काशी नहीं पहुंच पाए। यहां 11.6°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया – बर्फबारी वाले पहाड़ी इलाकों से यूपी में ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी (पछुआ) हवा आ रही है। घने कोहरे के चलते जनवरी के पहले सप्ताह में प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड पड़ी। धूप देर से निकलने या कई इलाकों में न निकल पाने के कारण कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही। वर्तमान में उत्तरी पंजाब में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से यूपी के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। तीन दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। 11 जनवरी से कोहरे के घनत्व में कमी आ सकती है और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। ​​​​​मौसम की तस्वीरें- मौसम से जुड़े 2 अपडेट्स 2 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान