यूपी में आज भी ठंड के साथ बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। अलीगढ़, मैनपुरी, हापुड़, बुलंदशहर सहित 20 जिलों में कोहरा छाया है। आज मंगलवार को 26 जिलों में बारिश, 29 जिलों में भीषण घना कोहरा छाने का अलर्ट है। इस बीच जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा भी चलेगी। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने के आसार हैं। रात और सुबह की ठंड अभी और ज्यादा सताएगी। उत्तराखंड और नेपाल में हो रही भारी बर्फबारी का सीधा असर यूपी के तराई और मैदानी जिलों पर पड़ रहा है। सोमवार की बात करें तो गाजियाबाद, आगरा, मेरठ समेत 30 जिलों में कोहरा था। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई थी। हरदोई 6.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा। लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा। प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी। मौसम की तस्वीरें देखिए- अब शहरों का हाल जानिए- गोरखपुर : सुबह हल्का कोहरा रहा। ठंडी हवा की वजह से गलन बढ़ गई है। दिन में धूप खिलने से राहत मिल रही है, लेकिन शाम को बर्फीली हवा की वजह से गलन बढ़ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11-13 डिग्री के बीच में रहने की संभवना है। अलीगढ़ : देर रात से घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 10 मीटर तक रही। करीब 10 की स्पीड में हवा चल रही है। अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। खेती-किसानी के लिए कैसा रहेगा फरवरी बीएचयू के कृषि विभाग के वैज्ञानिक प्रो. पीके सिंह के मुताबिक, गेहूं की फसल के लिए फरवरी का मौसम सामान्य रूप से अनुकूल माना जा रहा। हालांकि, दलहनी फसलों के लिए मौसम अनुकूल नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पीके सिंह कहते हैं- बारिश और ओलावृष्टि होने पर गेहूं की बढ़वार प्रभावित हो सकती है। जबकि, दलहनी और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहेगा। वहीं, बारिश के बाद अगर पाला पड़ता है, तो इसका असर खासतौर पर आलू और मटर की फसलों पर पड़ सकता है। इससे किसानों को नुकसान झेलना पड़ सकता है। फरवरी में कैसा रहेगा मौसम फरवरी से तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। वसंत आने के साथ ठंड का असर भी कम होने लगता है। हालांकि, बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलता रहेगा। कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक, फरवरी में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लेकिन, यह राहत ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं। बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से तापमान में कुछ समय के लिए गिरावट भी देखने को मिल सकती है। इसके बावजूद फरवरी के अंत तक यूपी से ठंड पूरी तरह विदा हो जाएगी।
UP के 23 जिलों में घना कोहरा:7 में ओलावृष्टि का अलर्ट, पश्चिमी जिलों में चलेगी तेज हवा; हरदोई सबसे ठंडा
