हरियाणा में मौसम विभाग ने आज रविवार के लिए ठंड को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के करीब 12 जिलों में घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि 10 जिलों में घने कोहरे के साथ शीत लहर चलने का अनुमान जताया गया है। सुबह हिसार, सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र में घना कोहरा छाया है, वहीं भिवानी, फतेहाबाद में हल्का कोहरा है। नारनौल, महेंद्रगढ़ में मौसम साफ है। जीटी रोड बैल्ट के जिलों में कोहरे का असर ज्यादा है। प्रदेश में साल के अंतिम 4 दिनों में ठंड का डबल अटैक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक ओर घना कोहरा छाया रहेगा, वहीं दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते रविवार को ठंड के तेवर और अधिक तल्ख रहेंगे, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो सकते हैं। देखें कोहरे के 3 PHOTOS… इन जिलों में पड़ेगा गहरा कोहरा मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी जिलों तथा जीटी बेल्ट के साथ लगते अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत व जींद के अलावा रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद में घना से बहुत घना कोहरा पड़ने का अनुमान लगाया है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी प्रकार पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात (नूंह), पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी व चरखी दादरी में भी घना कोहरा पड़ने का अनुमान लगाया है। इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में चलेंगी ठंडी हवाएं मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के दस जिलों में ठंडी हवाएं भी चलेंगी। इन जिलों में महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, जींद, भिवानी व चरखी दादरी शामिल हैं। ऐसे में यहां ठंड का डबल अटैक देखा जाएगा। तीसरे दिन भी पलवल का सबसे अधिक तापमान मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, लगातार तीसरे दिन भी प्रदेश में पलवल का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पलवल का अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में आज 10 जिलों में घना कोहरा:आधे प्रदेश में शीत लहर का अलर्ट; 4 दिन तक रहेगा मौसम का डबल अटैक
