हरियाणा में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को राज्य के ज्यादातर जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है। कई इलाकों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने का भी अनुमान है। 10 जनवरी की तुलना में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि अधिकतम तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (रविवार को) अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और यमुनानगर में सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, रोहतक, झज्जर, जींद, हिसार और भिवानी में भी हल्का कोहरे का असर दिखेगा। दक्षिणी हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और मेवात में कोहरे के साथ ठंड का असर ज्यादा रहेगा। वाहन चालकों को खासतौर पर हाईवे पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले 3 दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल 12 जनवरी: आने वाले दिनों की बात करें तो 12 जनवरी को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोहरा बना रहेगा। 13 जनवरी: दक्षिणी हरियाणा के कुछ जिलों में मौसम में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है, जबकि उत्तर और मध्य जिलों में कोहरा जारी रहेगा। 14 जनवरी: 14 जनवरी को भी यही स्थिति बनी रहने के आसार हैं और अधिकतर जिलों में सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट… महेंद्रगढ़ में 1.6 डिग्री तापमान : न्यूनतम तापमान के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में सबसे ठंडा जिला महेंद्रगढ़ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में 4 डिग्री, करनाल में 4.4 डिग्री और रोहतक में 5 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। गुरुग्राम में रात का पारा 1.8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि नूंह में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नारनौल में 7 डिग्री तक गिरा पारा : अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री नीचे 13 डिग्री दर्ज किया गया है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पलवल में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में दिन का पारा 17 डिग्री, हिसार में 14.5 डिग्री और करनाल में 16.6 डिग्री रहा। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री और फरीदाबाद में 21.5 डिग्री दर्ज किया गया।
हरियाणा में घने कोहरे का अलर्ट:पूरा प्रदेश ठंड से ठिठुरा, 7 डिग्री तक तापमान गिरा, महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा
