भीमताल क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर निकटवर्ती ग्राम पंचायत जंगलियागांव की प्रधान राधा कुल्याल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी अनामिका को ज्ञापन सौंपा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल का उच्चीकरण कर उसे उप जिला चिकित्सालय का दर्जा देने और वहां अति शीघ्र अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल के अधीन लगभग 35 हजार से अधिक जनसंख्या आती है, किंतु स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध नहीं है, और एक्स-रे तकनीशियन केवल सप्ताह में तीन दिन ही उपलब्ध रहते हैं, जिससे मरीजों को आवश्यक जांच के लिए हल्द्वानी या नैनीताल का रुख करना पड़ता है। वर्तमान में यह चिकित्सालय केवल रेफरल केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड मशीन तत्काल स्थापित करने और केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप मे उच्चीकृत करने की मांग भी उठायी गयी है। राज्य आंदोलनकारी प्रेम सिंह कुल्याल ने भी इस संबंध में कहा कि एक ओर राज्य स्थापना की रजत जयंती मनाई जा रही है, जबकि दूसरी ओर भीमताल क्षेत्र के लोग अब भी मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सामाजिक संगठनों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
