झज्जर : किसानों ने खेतों में भरा पानी निकालने व नुकसान का मुआवजा देने की मांग की

Spread the love

सिद्धिपुर लोवा कलां के किसानों ने लघु सचिवालय बहादुरगढ़ में एसडीएम नसीब कुमार से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किसानों ने अपनी मुख्य रूप से दो मांगे रखी। उन्होंने बताया कि दोनों गांव की 100 एकड़ से ज्यादा जमीन में बारिश का दो से छह फुट तक पानी भरा हुआ है। प्रशासन को मोटर व पंप आदि जरूरी उपकरण लगाकर यह पानी निकालना चाहिए ताकि किसानों की जमीन अगली फसल के लायक हो सके। अतिवृष्टि से हुए जल भराव के कारण ज्वार, बाजरा और धान की फसल की भारी हानि हुई है। जल भराव के कारण फसलों में हुए नुकसान का 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा भी किसानों को अवश्य मिलना चाहिए।

शीतल मान ने कहा कि किसानों की ये दोनों मांगें तुरंत पुरी की जाएं, ताकि किसान अगली फसल के लिए जमीन को तैयार कर सके और बीज व खाद आदि खरीद सकें। किसानों ने यह चेतावनी भी दी की अगर जल्द से जल्द जलभराव की समस्या ठीक नहीं की गई तो सभी किसान एसडीएम ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन देने पर मजबूर हो जाएंगे किसानों की बात सुनने के बाद एसडीएम साहब ने आश्वासन दिलाया कि दो-तीन दिन के अंदर उचित कार्रवाई करते हुए किसानों की समस्या का निदान किया जाएगा। एसडीएम से मिलने वालों में शीतल मान के साथ अन्य किसानों के अलावा रोहतास मान, नीटू, महावीर, सुभाष, रणबीर मान, जितेंद्र मान, परवीन मान, मुकुल व प्रीत मान भी मौजूद रहे।