दिल्ली के आउटर जिले के पश्चिम विहार ईस्ट इलाके में धनवर्षा कराने के नाम पर एक महिला समेत तीन लोगों की हत्या करने वाले तांत्रिक कमरुद्दीन ने पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को प्रसाद के रूप में खिलाने वाले लड्डू में एक सल्फाज और तीन नींद की गोलियां मिलकर देता था। पुलिस ने बताया कि लड्डू खाने के तुरंत बाद व्यक्ति गहरी नींद में चला जाता था। नींद में जहर आराम से अपना काम करता था। आरोपी नींद की गोलियों की मात्रा इसलिए अधिक रखता था, ताकि लड्डू खाने के बाद व्यक्ति जल्दी अचेत हो जाए और शरीर में कोई हलचल न रहे। पुलिस के मतुबाकि आरोपी खुद कभी भी मेडिकल स्टोर से सल्फास और नींद की गोलियां खरीदने नहीं जाता था। जिससे वह लोगों की नजर में न आए। वह यह कहकर गोलियां मंगवाता था कि गेहूं में दवा लगाने के लिए सल्फास की जरूरत है। गोलियां लेकर आने वालों को तलाश रही पुलिस पुलिस अब उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है जोकि उसके लिए गोलियां लेकर आते थे। पुलिस आरोपी के मोबाइल की सीडीआर डिटेल निकाल कर उन लोगों से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है, जोकि आरोपी के संपर्क में थे। आरोपी के पास से मिली कई लोगों की फोटो पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर से कई लोगों की फोटो भी मिली हैं। जांच में पुलिस को पता चला कि यह उन लोगों की फोटो हैं, जिन पर आरोपी वशीकरण करने का दावा करता था। आरोपी जादू टोना, वशीकरण, कारोबारी में तरक्की व अन्य चीजें का भी समाधान करने का काम करता था। धनवर्षा का लालच देता था आरोपी 11 फरवरी को पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक को गिरफ्तार किया था। वह उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है और लोनी और फिरोजाबाद में तंत्र-मंत्र का सेंटर चलाता था। दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास 8 फरवरी को एक बंद कार के अंदर तीन लोगों के शव मिले थे। मृतकों की पहचान 76 साल के रणधीर, 47 साल के शिव नरेश सिंह और 40 साल की लक्ष्मी देवी के रूप में की गई। रणधीर ड्राइवर की सीट पर और बाकी दोनों पीछे की सीट पर बैठे थे। पुलिस ने बताया कि कमरुद्दीन करीब एक साल से तीनों मृतकों के संपर्क में था। CCTV फुटेज में उसे उसी दिन कार के बगल वाली सीट पर बैठे देखा गया था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकेशन डेटा से भी घटना में उसके शामिल होने की पुष्टि हुई है। कार से शराब, कोल्ड ड्रिंक, कैश और दस्तावेज बरामद डीसीपी (आउटर) सचिन शर्मा ने बताया कि पश्चिम विहार ईस्ट थाने में 8 फरवरी को PCR कॉल आई थी। सूचना थी कि एक कार में एक महिला सहित तीन लोग बेहोश पड़े हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो ड्राइविंग सीट पर एक बुजुर्ग बैठा मिला। एक 42 साल के व्यक्ति को राहगीरों ने कार से बाहर निकाला हुआ था। करीब 40 साल की महिला कार के अंदर पड़ी थी। तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, कैश, हेलमेट, जैकेट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले। तीनों मृतक बापरौला, नगली डेयरी और जहांगीरपुरी के रहने वाले थे। परिजनों ने आत्महत्या से इनकार किया और मौत की परिस्थितियों पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मृतकों के संपर्क में था आरोपी, कॉल डिटेल से खुला राज पुलिस की तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि घटना से पहले तीनों की कमरुद्दीन से लगातार बातचीत हो रही थी। तीनों घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन गाजियाबाद के लोनी गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि जब वे दिल्ली लौट रहे थे, तब कार में एक और व्यक्ति मौजूद था। आगे की जांच में पुष्टि हुई कि वह व्यक्ति कमरुद्दीन था, जो लोनी से कार में बैठा और बाद में उसी जगह कार छोड़कर फरार हो गया, जहां तीनों बेहोश मिले। आरोपी ने पूजा के नाम पर 2 लाख मंगवाए पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो महीने पहले जहांगीरपुरी निवासी सलीम के जरिए लक्ष्मी की उससे पहचान हुई थी। बाद में लक्ष्मी ने शिव नरेश और रंधीर से उसकी मुलाकात कराई। कमरुद्दीन ने तीनों को धनवर्षा के लिए विशेष पूजा कराने का झांसा दिया। उसने उनसे 2 लाख रुपये कैश, शराब और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था करने को कहा। आरोपी पर पहले भी दो हत्या के मामले दर्ज डीसीपी के अनुसार, कमरुद्दीन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इसी तरह के दो हत्या के मामले पहले भी दर्ज हैं। साल 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले के राजा खेड़ा थाने में IPC की धारा 143, 363 और 302 के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं, 2025 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाने में BNS की धारा 103(1) और 123 के तहत एक और FIR दर्ज है। पश्चिम विहार ईस्ट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संभावित साथियों की पहचान के लिए आगे की जांच कर रही है। —————————— दिल्ली की ये खबरें भी पढ़ें… दिल्ली में युवक ने मां और भाई-बहन का मर्डर किया: लड्डू में धतूरे के बीज मिलाकर खिलाए, फिर मफलर से गला घोंटा; थाने में सरेंडर दिल्ली में पति के मर्डर की गवाह महिला की हत्या: हमलावरों ने सिर पर गोली मारी; 2023 में पति की भी गोली मारकर हत्या हुई थी
दिल्ली ट्रिपल-मर्डर केस- लड्डू में सल्फास, नींद की गोलियां मिलाईं:खाकर सो जाते थे लोग; तांत्रिक गेहूं में दवा के नाम पर मंगाता था गोली
