दिल्ली-लंदन एअर इंडिया फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी:खराबी के बावजूद 7 घंटे हवा में रही; 15 मार्च को भी डायवर्ट करना पड़ा था

Spread the love

नई दिल्ली से लंदन जा रहा एअर इंडिया का A350 विमान गुरुवार को तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौट आया। यह विमान करीब सात घंटे तक हवा में रहा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, विमान ने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब चार घंटे बाद, जब वह सऊदी अरब के एयरस्पेस में था, तब उसे वापस लौटाने का फैसला लिया गया। कुल मिलाकर विमान करीब सात घंटे तक हवा में रहने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली वापस पहुंचा। सूत्रों के अनुसार, विमान में उड़ान के दौरान कुछ अजीब आवाजें सुनी गईं। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान को एहतियातन वापस लौटाने का फैसला किया गया था। दिल्ली में विमान की जांच की जा रही है। 15 मार्च: न्यूयॉर्क से दिल्ली आते समय इसी विमान में खराबी हुई थी एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया और कहा कि उन्हें जल्द से जल्द लंदन पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया के इसी A350-900 (VT-JRF) विमान में 15 मार्च को भी तकनीकी खराबी आई थी। तब न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट को आयरलैंड के शैनन शहर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था। उड़ान के दौरान करीब 33,000 फीट की ऊंचाई पर यात्रियों को विमान के फर्श पर कंपन महसूस हुई थी। गलत फ्लाइट भेजने के मामले में एअर इंडिया को एक्शन लेने का निर्देश इधर, एविएशन रेगुलेटर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एअर इंडिया को कनाडा के वैंकूवर में गलत विमान भेजने के मामले में एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। DGCA के एक ने बताया कि एयरलाइन के एक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है। दरअसल, 19 मार्च को दिल्ली से वैंकूवर जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 777-200 LR विमान करीब सात घंटे उड़ान भरने के बाद वापस लौट आया था। क्योंकि कंपनी ने गलती से बोइंग 777-300 ER की जगह बोइंग 777-200 LR मॉडल का विमान भेज दिया। एअर इंडिया के पास बोइंग 777-200 LR को कनाडा में ऑपरेट करने की इजाजत ही नहीं है। इस वजह से यह विमान कनाडा में उतर ही नहीं सकता था। गलती का पता तब चला जब विमान करीब 4 घंटे उड़ान भरकर चीन के कुनमिंग एयरस्पेस में पहुंच चुका था। पूरी खबर पढ़ें…
पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच एअर इंडिया ने उड़ानों की संख्या बढ़ाई एअर इंडिया में इस तरह की तकनीकी और मैनुअल खराबी ऐसे वक्त में लगातार सामने आ रही है जब पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच एयरलाइंस अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ा रही हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए एअर इंडिया ने भी 19 से 28 मार्च के बीच नॉर्थ अमेरिका और यूरोप के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने का ऐलान किया है। एयरलाइन के मुताबिक, दिल्ली-लंदन (हीथ्रो), मुंबई-लंदन (हीथ्रो), दिल्ली-फ्रैंकफर्ट, दिल्ली-ज्यूरिख और दिल्ली-टोरंटो रूट पर कुल 36 अतिरिक्त फ्लाइट्स चलाई जाएंगी। इससे पहले 10 से 18 मार्च के बीच भी एयरलाइन ने 9 रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की घोषणा की थी। 13 फरवरी- DGCA ने एअर इंडिया पर ₹1 करोड़ जुर्माना लगाया भारत के नागरिक उड्डयन नियामक (DGCA) ने 13 फरवरी को बताया था कि उसने एअर इंडिया पर 1.10 लाख डॉलर (करीब 1 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई एक एयरबस विमान को बिना ‘एयरवर्थनेस रिव्यू सर्टिफिकेट’ (विमानल उड़ाए जाने योग्य है या फिटनेस सर्टिफिकेट) के 8 बार उड़ाए जाने के कारण की गई। DGCA ने कहा कि इस चूक से देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन पर जनता का भरोसा और कम हुआ है। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार मामला 26 नवंबर 2025 का है, जब एअर इंडिया ने खुद DGCA को इस चूक की जानकारी दी थी। पूरी खबर पढ़ें… ———————————— एयरलाइंस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट का लैंडिंग के दौरान पहिया निकला:नोज गियर टूटा; थाइलैंड में हार्ड लैंडिंग, 133 लोग सवार थे थाईलैंड में एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 18 मार्च की दोपहर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान के रनवे पर उतरते ही उसका नोज गियर टूट गया और आगे का पहिया अलग हो गया। फ्लाइट हैदराबाद से फुकेट जा रही थी। थाई अखबार द नेशन के मुताबिक घटना के बाद कुछ समय के लिए रनवे बंद करना पड़ा, हालांकि विमान में सवार सभी 133 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। पूरी खबर पढ़ें… एअर इंडिया-इंडिगो के बाद अकासा की भी टिकटें महंगी: घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर ₹1300 तक फ्यूल सरचार्ज लगेगा एअर इंडिया-इंडिगो के बाद अकासा एयर की फ्लाइट्स टिकट भी महंगी हो गई हैं। एयरलाइन कंपनी ने 15 मार्च से सभी घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा की है। अकासा एयर ने कहा कि 15 मार्च को रात 12:01 बजे के बाद बुक किए जाने वाले टिकटों पर 199 रुपए से लेकर 1,300 रुपए तक का एडिशनल सरचार्ज वसूला जाएगा। पूरी खबर पढ़ें…