अयोध्या में प्रसव के दौरान मां और नवजात की मौत:फोन पर डिलीवरी होने से बिगड़ी तबीयत, अस्पताल के बाहर परिजनों का हंगामा

Spread the love

अयोध्या में एक प्राइवेट अस्पताल में डिलीवरी के दौरान मां और नवजात की मौत हो गई। मंलवार शाम करीब 7 बजे एक युवक अपनी गर्भवती पत्नी को मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल में प्रसव कराने के लिए लेकर पहुंचा। आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थीं और वह कहीं बाहर गई हुई थीं। इस पर स्टॉफ ने डॉक्टर से फोन पर बात की, जिसके बाद महिला को भर्ती कर लिया गया। बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने फोन पर ही स्टाफ को ऑपरेशन करने के निर्देश दिए और उसी आधार पर ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में मां और नवजात दोनों की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने बुधवार सुबह अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। फिर जा करके जाम खुला। घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला…
हॉस्पिटल में डॉक्टर नहीं थीं
बेनीगंज निवासी सुरेश यादव ने बताया- मेरी पत्नी सोनी यादव की मंगलवार को डिलीवरी होनी थी। शाम को प्रसव पीड़ा होने पर हम सोनी को लेकर महिला जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां बेड खाली नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद हम उन्हें परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल लेकर गए। वहां डॉक्टर अंजली श्रीवास्तव मौजूद नहीं थीं। पता चला कि वह कहीं बाहर गई हैं। इसके बाद हम उन्हें दूसरी जगह ले जाने लगे, तो स्टॉफ ने कहा- डरिए मत, सुरक्षित डिलीवरी हो जाएगी। इसके बाद स्टॉफ ने डॉक्टर अंजली से फोन पर बात की। उन्होंने फोन पर ही ऑपरेशन के लिए निर्देश दिए और डिलीवरी शुरू कर दी। कुछ समय बाद पत्नी की हालत गंभीर हो गई। थोड़ी ही देर में मेरे बच्चे और पत्नी की मौत हो गई। परिजनों ने हॉस्पिटल के बाहर किया हंगामा
महिला और नवजात की मौत की खबर मिलते ही बुधवार सुबह परिजन और रिश्तेदार परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंच गए। यहां उन्होंने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया। लोगों ने डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पताल को तत्काल सीज करने की मांग की। माहौल तनावपूर्ण होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। फिलहाल रिकाबगंज पुलिस चौकी पर भारी भीड़ जुटी हुई है। प्राइवेट अस्पतालों में लूट चल रही
हंगामे की सूचना मिलते ही सपा के पूर्व विधायक पवन पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा- भाजपा की सरकार में प्राइवेट अस्पतालों और सरकारी डॉक्टरों का लूट का गठजोड़ चल रहा है। जिला अस्पताल में छुट्टी बताकर उसे पास के मां परमेश्वरी देवी मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। तत्काल उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से मांग है कि नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जाए। इसके अलावा जिला अस्पताल के संबंधित डॉक्टर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाए। ————————- ये खबर भी पढ़ें… ‘अमिताभ बच्चन की भी एक किडनी है, कुछ नहीं होगा’:8वीं पास सरगना ने MBA स्टूडेंट का ब्रेनवॉश किया, कानपुर में रात में होता था ऑपरेशन पिता की 2 साल पहले मौत हो चुकी है। घर में मां और एक बहन है। बहन की पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारी मुझ पर है। अपनी कॉलेज फीस भी जमा नहीं कर पा रहा था। मुझे अपना फ्यूचर अंधकार में जाता दिखाई दे रहा था। इस दौरान मुझे शिवम अग्रवाल मिला। पढ़ें पूरी खबर…