फरीदाबाद में भाजपा नेता की मौत:परिजन बोले- दवाई खाकर रात में सोए, फिर नहीं उठे; हार्ट फेल की आशंका

Spread the love

फरीदाबाद में एनआईटी-5 स्थित फ्रूट गार्डन क्षेत्र में रहने वाले भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी की रविवार सुबह अचानक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एनआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान अस्पताल (बीकेएच) में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान 34 वर्षीय रजत जयसवाल के रूप में हुई है, जो भाजपा युवा मोर्चा में जिला कार्यालय सचिव के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार रजत जयसवाल शनिवार रात परिवार के साथ घर पर ही मौजूद थे और सभी ने साथ में खाना खाया था। दवाई खाकर रात मे सोए, फिर नहीं उठे परिजनों ने कहा कि रात के समय उनकी तबीयत कुछ खराब महसूस हुई, जिस पर उन्होंने पास के एक स्थानीय डॉक्टर से दवा ली और इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए। रविवार सुबह जब काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन जब उनके कमरे में पहुंचे तो रजत जयसवाल का शरीर पूरी तरह से ढीला पड़ा हुआ था। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट फेल बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच कर रही पुलिस एनआईटी थाना प्रभारी महाबीर प्रसाद ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है, फिर भी पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।