हांसी में काली देवी चौक के समीप एक कार्यालय की पहली मंजिल से गिरने के मामले में अब युवक विकास की भी मौत हो गई है। इस घटना में पहले ही युवती रजनी की मौके पर मौत हो गई थी। विकास की मौत के बाद परिजनों ने इसे हादसा नहीं, बल्कि धक्का देकर नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। हांसी के ढाणी शोभा निवासी विकास 25 जनवरी से हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती था। उसे रीढ़ की हड्डी में तीन फ्रैक्चर, सिर में गंभीर चोटें, एक पैर टूटने और एक आंख की रोशनी जाने जैसी गंभीर चोटें आई थीं। लंबे इलाज के बाद उसकी भी मौत हो गई। विकास चार भाई-बहनों में से एक था। उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी। वह अपने पीछे दो साल की बेटी और करीब एक साल का गोद लिया हुआ बेटा छोड़ गया है। परिजन बोले- विकास और रजनी की हत्या हुई गुरुवार को विकास के चाचा सुभाष और अन्य परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ सिटी थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा। विकास के भाई मोहित ने आरोप लगाया कि 24 जनवरी की रात कार्यालय में शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान कहासुनी हुई और वहां मौजूद युवकों ने मिलकर विकास को खिड़की से नीचे फेंक दिया। परिजनों का कहना है कि रजनी और विकास खुद नहीं गिरे, बल्कि उन्हें जानबूझकर धक्का दिया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद दो युवक मौके से फरार हो गए थे, जिनकी भूमिका संदिग्ध है और उनकी जांच की जानी चाहिए। इस दौरान थाने में गांव के मौजिज लोग, ट्रक यूनियन प्रधान संजय कसाना और सरपंच एसोसिएशन प्रधान लादी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। पुलिस ने कहा- मामले की जांच की जा रही
वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में घायल युवक के परिजनों से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर गहन व निष्पक्ष जांच की जा रही है। आज देरी हो जाने की वजह से पोस्टमार्टम नहीं हो पाया, कल पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद परिजनों के बयानों के अनुसार मामला दर्ज कर लिया जाएगा। पहले सामने आया था यह घटनाक्रम
25 जनवरी की रात कार्यालय में पांच दोस्त शराब पार्टी कर रहे थे। जानकारी के अनुसार इसी दौरान दो युवकों के बीच विवाद हो गया। बीच-बचाव के दौरान रजनी और विकास का संतुलन बिगड़ने से उनके खिड़की से गिरने की बात सामने आई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें सभी दोस्त कार से आते और कुछ देर बाद दोनों को गिरते देखा गया था। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था।
हांसी में छत से गिरने वाले युवक की मौत:25 जनवरी को युवती के साथ गिरा था, परिजन बोले- दोनों को जानबूझकर धक्का दिया
