पानीपत में BJP नेता पर जानलेवा हमला:सुपरवाइजर ने आंख में कांच का गिलास मारा, ड्यूटी एरिया बदलने पर नाराज था; पत्नी पार्षद

Spread the love

हरियाणा के पानीपत के वार्ड 17 से पार्षद रजनी गर्ग के पति और भाजपा के पूर्व पार्षद सुरेंद्र गर्ग पर उनके ही ऑफिस में जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि उनके ही वार्ड के सफाई सुपरवाइजर और उसके परिवार ने उनके चेहरे पर कांच के गिलास से हमला कर दिया। हमले में सुरेंद्र गर्ग की आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देकर दिल्ली रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सुपरवाइजर के मिस बिहेव करने और काम में कमी की शिकायतों के चलते उसका ड्यूटी एरिया बदला गया था। इसको लेकर वो गुस्से में था और उसने ऑफिस में आकर हमला कर दिया। जानिए क्या है पूरा मामला… दफ्तर में घुसकर किया हमला जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र गर्ग अपने ऑफिस में मौजूद थे, तभी वार्ड का सफाई सुपरवाइजर अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचा। सुपरवाइजर का ड्यूटी एरिया बदलने की बात को लेकर हुई बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने सुरेंद्र गर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उनके चेहरे पर कांच का गिलास दे मारा, जो सीधे उनकी आंख में लगा। IBM अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर वारदात के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में सुरेंद्र गर्ग को शहर के IBM अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। डॉक्टरों ने दिल्ली किया रेफर सुरेंद्र गर्ग का उपचार कर रहे डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि उनकी आंख में गहरी चोट आई है। डॉक्टर के अनुसार, आंख की जटिल सर्जरी के लिए पानीपत में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। चोट की गंभीरता और आंख की रोशनी को होने वाले खतरे को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली (AIIMS या सफदरजंग) रेफर कर दिया गया है। निगम कर्मचारियों में हड़कंप, पुलिस जांच जारी एक पार्षद प्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता पर नगर निगम के ही कर्मचारी द्वारा हमले की घटना से निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमलावर सुपरवाइजर और उसका परिवार फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही तमाम नगर निगम पार्षद, शहरी विधायक प्रमोद विज, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी IBM अस्पताल पहुंचे। वहीं विधायक और जिला अध्यक्ष ने SP से इस घटना के बारे में बातचीत करते हुए आरोपियों पर जल्द से जल्द कड़ा एक्शन लेने की मांग की।