नारनौल में खाट पर सो रहे युवक पर जानलेवा हमला,VIDEO:बोलेरो कैंपर में आए हमलावर; लाठियों व रॉड से किए कई वार

Spread the love

महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी थाना क्षेत्र में रात को घर के बाहर सो रहे एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस बारे में पुलिस में शिकायत की है। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना 20-21 दिसंबर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। इसका एक सीसीटीवी भी सामने आया है। नायन गांव की ढाणी चीमा वाली निवासी सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह घटना के समय अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए बदमाश उनके घर पहुंचे। रॉड व डंडों से किया हमला आरोप है कि वाहन से उतरकर चार बदमाशों ने निर्माणाधीन मकान में बने टीन शैड के नीचे सो रहे उसके भाई शीशराम पर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शीशराम गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन पहुंचे तो भागे शोर सुनकर जब परिजन बाहर पहुंचे तो बदमाश मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने दो आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनमें अशोक निवासी ढाणी चीमा वाली और संजू निवासी ढाणी शामिल हैं। वहीं बोलेरो कैंपर को सुनील चला रहा था। आरोप है कि जाते समय बदमाशों ने धमकी दी कि दया गुरुजी के जेल से बाहर आने के बाद पूरे परिवार को एक-एक कर खत्म कर देंगे। डायल 112 पर किया फोन घटना के बाद परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी और घायल शीशराम को सरकारी अस्पताल नांगल चौधरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन घायल को इलाज के लिए आरोग्य अस्पताल कोटपूतली लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दया गैंग का हाथ पीड़ित पक्ष ने इस हमले के पीछे ‘दया गैंग’ का हाथ होने का आरोप लगाया है। शिकायत में बताया गया है कि गैंग से उनका पुराना विवाद चला आ रहा है और इससे पहले भी परिवार के सदस्य पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की जा चुकी है। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंपी गई है। सीसीटीवी फुटेज में स्विफ्ट कार भी दिख रही है जिसमें हमलावर भाग कर बैठता नजर आ रहा है।