पलवल जिले के हथीन थाना क्षेत्र के मंढनाका गांव में एक विवाहिता का शव गुरुग्राम नहर से बरामद किया गया है। विवाहिता ने कथित तौर पर नहर में कूदकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत और मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव रविवार शाम को बरामद हुआ। ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है। उसके पिता लखन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि नीतू की शादी लगभग दस वर्ष पहले औरंगाबाद गांव निवासी दिनेश से हुई थी। शिकायत के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को नीतू की सास जगवती, ननद राजबाला, संतोष और पति दिनेश ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद नीतू अपने मायके मंढनाका आ गई थी। सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप शिकायत के मुताबिक, ससुराल पक्ष के व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना से दुखी होकर नीतू ने 23 जनवरी की सुबह करीब पांच बजे गांव के पास से गुजर रही गुरुग्राम कैनाल में छलांग लगा दी। नहर की पटरी से ‘डायल 112’ टीम को नीतू का एक सुसाइड नोट मिला। इस नोट में नीतू ने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के सदस्यों के अलावा औरंगाबाद निवासी पूनम नामक महिला को भी जिम्मेदार ठहराया है। नोट में यह भी लिखा गया है कि पूनम ने नीतू पर जालसाजी का फर्जी केस दर्ज करवाया था और उसका देवर रोहित भी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। तीन दिन बाद मिला शव 23 और 24 जनवरी को कई प्रयासों के बावजूद नीतू का शव नहीं मिल पाया था। आखिरकार 25 जनवरी की देर शाम बिघावली गांव के पुल से लगभग 100 मीटर पहले नहर के किनारे उसका शव तैरता हुआ मिला। पुलिस जांच जारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल भेज दिया है। थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर पति दिनेश, सास जगवती, ननद राजबाला, संतोष, देवर रोहित और पूनम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पलवल में 3 दिन बाद मिला विवाहिता का शव:गुरुग्राम नहर में कूदी थी; सुसाइड नोट में पति और महिला को जिम्मेदार ठहराया
