सोनीपत से लापता छात्रा का हरिद्वार में मिला शव:पढ़ाई के साथ ले रही थी कोचिंग; गंग नहर में डूबी, सुसाइड की आशंका

Spread the love

सोनीपत से लापता हुई कक्षा 12वीं की छात्रा का शव हरिद्वार की गंग नहर में मिला है। वह देवड़ू रोड़ के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने के साथ ही सेक्टर 14 के एक संस्थान में कोचिंग ले रही थी। परिजनों ने उसके शव की पहचान कर ली है। हरिद्वार पुलिस फिलहाल मामले को सुसाइड केस मान कर चल रही है। स्थानीय पुलिस भी मामले में जांच में जुटी है। जानकारी अनुसार, जीवन विहार में रहने वाले एक व्यक्ति ने सेक्टर-27 थाना में दी शिकायत में कहा कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसकी 17 साल की बेटी शहर के देवड़ू रोड स्थित एक स्कूल में कक्षा 12वीं में पढ़ रही थी। साथ ही वह सेक्टर 14 में कोचिंग सेंटर में भी पढ़ने के लिए जाती थी। बिना बताए घर से निकली उसने बताया कि 18 दिसंबर को उसकी बेटी घर में अकेली थी। सुबह करीब 10 बजे वह बिना किसी को कुछ बता घर से निकली और इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर बेटी की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने निजी स्वार्थ के लिए उनकी बेटी को बंधक बनाकर छिपा रखा हो सकता है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गंग नहर में मिला शव इस बीच शनिवार को परिजनों को सूचना मिली कि सोनीपत की एक छात्रा का शव हरिद्वार में मिला है। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे और शव की पहचान की। हरिद्वार पुलिस का मानना है कि छात्रा ने हरिद्वार में गंगा नदी मे कूद कर सुसाइड किया है। उसका शव तैरता हुआ शुक्रवार को गंग नहर में चला गया और कनखल के पास गेट में जा फंसा। हालांकि पुलिस छात्रा की मौत की अन्य संभावनाओं पर भी जांच कर रही है। गोहाना से युवती 6 दिन से लापता, मोबाइल भी बंद सोनीपत जिले में लड़की के लापता होने का दूसरा मामला गोहाना थाना सदर क्षेत्र का है। खानपुर कलां की रहने वाली 22 वर्षीय युवती 13 दिसंबर की सुबह करीब 7:30 बजे घर से निकली थी और तब से लापता है। परिजनों के अनुसार, उसी समय से उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है। काफी तलाश के बाद जब युवती का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी। गोहाना थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और युवती की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।