हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार को एक घर में बुजुर्ग देवर-भाभी के शव मिले। व्यक्ति ने फांसी लगाई हुई थी, जबकि महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। उसका शव किचन में जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गईं। कमरे में बेड बॉक्स और अलमारी पर चॉक से 2 नोट लिखे मिले, जिनमें लिखा था- “मेरे भाई की हत्या भाभी, भाभी की बहन और उसके पति ने की है।” बताया जा रहा है कि घर पर संपत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा था। महिला अपने हिस्से की जमीन बेचना चाहती थी। महिला के पति की भी कुछ साल पहले संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सफाई करने वाली महिला आई को गेट बंद मिले मृतकों की पहचान सेक्टर-14 निवासी महावीर राणा (74) और उनकी भाभी आशा रानी (75) के तौर पर हुई है। आशा ग्राउंड फ्लोर पर अकेली रहती थी। महावीर अपने बेटे पिंटू और पुत्रवधू के साथ दूसरी मंजिल पर रहते थे। मंगलवार सुबह सफाई करने वाली महिला मकान पर पहुंची, लेकिन सभी दरवाजे बंद मिले। वह बिना काम किए लौट गई। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वह दोबारा पहुंची, तब भी दरवाजे बंद थे। महावीर फंदे पर मिले, आशा खून से लथपथ शक होने पर महिला ने पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद ऊपर रहने वाले महावीर के बेटे पिंटू को बुलाया। पिंटू ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर महावीर फांसी के फंदे पर लटके हुए मिले, जबकि आशा रानी का खून से लथपथ शव किचन में पड़ा हुआ था। आशा के गले पर किसी तेजधार हथियार से वार किया गया था। पिंटू ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बेड बॉक्स और अलमारी पर नोट लिखे मिले जांच के दौरान कमरे में चॉक से दो नोट लिखे हुए मिले। बेड पर बॉक्स पर लिखा था- आशा, उषा और उषा के पति दिनेश ने मेरे भाई बीर सिंह राणा को मारा था। वहीं अलमारी पर लिखा मिला- मेरे भाई बीर सिंह राणा को उषा राणा और उषा के पति दिनेश ने मारा था। मकान को लेकर चल रहा था विवाद सूत्रों के अनुसार, जिस मकान में यह वारदात हुई, वह तीन हिस्सों में बंटा हुआ था। यह आशा रानी, उनके पति बीर सिंह और महावीर के नाम है। आशा के हिस्से में ज्यादा संपत्ति आती थी और वह मकान बेचना चाहती थी, जिसको लेकर परिवार में विवाद था। आशा के पति बीर सिंह की साल 2022 में इसी मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आशा का बेटा पिछले 10 साल से ओमान में लापता है। थाना प्रभारी बोले- शिकायत पर कार्रवाई करेंगे सोनीपत के सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित का कहना कि फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
घर में बुजुर्ग देवर-भाभी के शव मिले:सोनीपत में व्यक्ति फंदे पर लटका, महिला की गला रेतकर हत्या; लिखा- भाभी ने भाई को मारा
