हरियाणा में गुरुग्राम के एक फाइव स्टार होटल में बेंगलुरु के इंजीनियर की डेडबॉडी मिली है। वह सेक्टर-29 स्थित क्राउन प्लाजा होटल में ठहरा हुआ था। उसकी डेडबॉडी बाथरूम में पड़ी मिली। मृतक की पहचान विजय के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु (कर्नाटक) का रहने वाला था और वहां एक आईटी कंपनी में कार्यरत था और काम के सिलसिले में गुरुग्राम आया हुआ था। पुलिस के मुताबिक, विजय 2 अन्य विदेशी नागरिकों के साथ करीब 5 दिन से होटल में रुका हुआ था। कंपनी ने ही होटल में यह रूम बुक करवाया था। इनमें से एक जापान मूल का नागरिक है। दोनों विदेशी नागरिक गुरुवार सुबह 10 बजे अपनी कंपनी में चले गए थे। जबकि, विजय बाथरूम में फ्रेश होने और नहाने के लिए घुसा था। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर गया। पुलिस का कहना है कि अभी मौत के सही कारणों का पता नहीं चला है। संभावना है कि हार्ट अटैक आने से उसकी मौत हुई है। होटल स्टाफ ने देखी लाश पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को होटल स्टाफ कमरे की सफाई करने आया था। उन्होंने इंजीनियर के कमरे को लगातार खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद स्टाफ ने मैनेजर को इसकी सूचना दी। जब मैनेजर ने आकर रूम का दरवाजा मास्टर चाभी से खोला, तब स्टाफ अंदर दाखिल हुआ। उन्होंने वहां देखा कि बाथरूम में इंजीनियर विजय अचेत पड़ा था। उन्होंने डॉक्टर बुलाया और पुलिस को भी मामले की सूचना दी। बॉडी पर चोट के निशान नहीं पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में डेडबॉडी पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं दिखे। इसके बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। फिलहाल, डॉक्टर ने हार्ट अटैक की संभावना जताई है। पुलिस अब होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और और आसपास मौजूद रहे लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। वे भी गुरुग्राम पहुंच रहे हैं। इन्फोग्राफिक्स में जानिए हार्ट अटैक के लक्षण, कारण और बचाव…
गुरुग्राम के 5-स्टार होटल में मिली इंजीनियर की लाश:बेंगलुरु से काम के सिलसिले में आया, आईटी कंपनी में नौकरी, बाथरूम से निकाली डेडबॉडी
