यमुनानगर में पुलिया के नीचे मिला व्यक्ति का शव:सिर पर चोट, हत्या की आशंका; MS कंपनी का मिला आईकार्ड

Spread the love

यमुनानगर जिले के फर्कपुर थाना क्षेत्र के सुढैल गांव के नजदीक आज सुबह गुरुवार को एक पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और कपड़े खून से लथपथ हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव की तलाशी ली। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। हालांकि मृतक के गले में एमएस ग्रुप कंपनी का आई कार्ड मिला है, लेकिन उसमें कोई नाम या अन्य पहचान संबंधी जानकारी नहीं लिखी हुई है। मृतक को कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड बताया जा रहा है। पुलिस एमएस ग्रुप कंपनी से संपर्क कर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पुलिस नाके से मात्र 100 मीटर की दूरी मौके पर एएसपी अमरिंदर सिंह, सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीम के साथ फर्कपुर थाना पुलिस पहुंची। घटनास्थल हाईवे से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है और वारदात स्थल से सिर्फ 100 मीटर दूर पुलिस नाका भी लगा हुआ है। पुलिस का अनुमान है कि वारदात बीती रात की है। सुबह एक राहगीर ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के गांवों में भी मृतक की शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक मानकपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मानकपुर गांव में भी जाकर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। फिलहाल उसकी उम्र करीब 45 वर्ष आंकी जा रही है। कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड रहा होगा- एएसपी एएसपी अमरिंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस काे सूचना मिली थी कि पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर देखा, तो उसके सिर पर काफी चोट आई हुई है। उसके गले से एक कंपनी का आईकार्ड मिला है, जिससे प्रतीत होता है कि यह कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड रहा होगा। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।