फरीदाबाद के दो नंबर क्षेत्र में स्थित नेक्स्ट जेन जिम के सामने बड़े नाले से एक दिन के नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे राहुल नामक युवक अपने दोस्तों के साथ जिम करने के लिए घर से निकला था। जब वह अवंती बाई पार्क की बाउंड्री के साथ बने बड़े नाले के पास पहुंचा तो वहां कूड़ा बीनने वाले को एक काले रंग की प्लास्टिक की पॉलिथीन संदिग्ध हालत में दिखाई दी। राहुल ने बताया कि सबसे पहले कूड़ा बीनने वाले लड़के ने पॉलिथीन के अंदर कुछ होने की आशंका जताई और उसे इसकी जानकारी दी। जब दोनों ने पास जाकर देखा तो पॉलिथीन के अंदर एक नवजात शिशु मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति सूचना मिलते ही डायल 112 की ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों को हटाकर एंबुलेंस बुलवाई। नवजात के शव को सावधानीपूर्वक नाले से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे कोतवाली थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि सुबह सूचना प्राप्त हुई थी कि दो नंबर क्षेत्र में पार्क की बाउंड्री के पीछे बड़े नाले में काली पॉलिथीन में एक दिन के नवजात का शव पड़ा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया शिशु एक दिन का प्रतीत हो रहा है। शिशु को किस समय और किसने वहां फेंका, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में नाले से मिला नवजात का शव:पॉलिथीन में डालकर फेंका; कूड़ा बीनने वालों की पड़ी नजर, बुलाई पुलिस
