हांसी में खेतों में पड़ा मिला किसान का शव:3 दिन से लापता था 6 बच्चों का पिता; जूते बिखरे मिले, फोरेंसिक टीम पहुंची

Spread the love

हरियाणा के हांसी स्थित चैन्नत गांव के खेतों में 45 वर्षीय किसान दलबीर का शव मिला है। दलबीर खरकड़ी गांव का निवासी था और पिछले तीन दिनों से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के बेटे साहिल ने बताया कि दलबीर तीन दिन पहले खेत पर काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों को लगा कि वे खेतों में ही व्यस्त होंगे। सोमवार को जब परिवार ने दलबीर के मोबाइल पर फोन किया, तो पहले एक पड़ोसी किसान ने कॉल उठाई, फिर उसके बेटे ने। बाद में मोबाइल बंद मिला, जिससे परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने डायल 112 को सूचना दी इसके बाद परिवार के सदस्य दलबीर की तलाश में खेत पहुंचे, जहां उनका शव हरे चारे के खेत में पड़ा मिला। उनके जूते और कुछ अन्य सामान थोड़ी दूरी पर बिखरे हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भाटला चौकी पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। परिवार में इकलौता कमाने वाला था दलबीर जानकारी के अनुसार, दलबीर ने इस सीजन में चैन्नत गांव में हिस्से पर जमीन लेकर खेती की थी। वह अपने छह बच्चों सहित पूरे परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। सदर थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि दलबीर की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और यदि किसी पर संदेह जताया जाता है, तो उसकी भी जांच की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।