भिवानी के लोहारू क्षेत्र के गांव खेड़ा में एक शराब ठेके के पास करीब 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। ठेके के कर्मचारियों ने इसकी सूचना लोहारू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी मुरारी लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान गांव खेड़ा निवासी जी राम (60 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लोहारू के उप नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बेटे संदीप के बयान के आधार पर लोहारू पुलिस ने इत्फाकिया कार्रवाई की है। मृतक 2 बच्चों का पिता था और खेतीबाड़ी करता था। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मामले की जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भिवानी में शराब ठेके के पास मिला शव:संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत, दो बच्चों का पिता, करता था खेतीबाड़ी
