लव मैरिज के बाद पति-पत्नी का शव लटकता मिला:सीतापुर में 22 दिन पहले जिस पेड़ के नीचे शादी की, उसी से झूलते मिले

Spread the love

सीतापुर में लव-मैरिज के 22 दिन बाद पति-पत्नी के शव फंदे से लटकते मिले। दोनों ने लव-मैरिज की थी। हैरान करने वाली बात यह है कि गांव में जिस मंदिर में उन्होंने शादी की। वहीं, पेड़ से दोनों के शव लटके मिले। रविवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों के शव एक फंदे से लटकते देखे। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतारा। दोनों शवों के पैर जमीन को छू रहे थे। गांव वालों ने पूछताछ में बताया कि जिस पेड़ पर दोनों के शव मिले हैं, उसके नीचे एक महामाई का मंदिर है। यहीं पर दोनों ने छिपकर शादी की थी। पता चलने पर घरवाले पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों सात फेरे ले चुके थे। बाद में दोनों परिवारों में समझौता हो गया और घरवालों ने दोनों को अपना लिया था। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने कहा- शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि, हत्या के एंगल पर भी जांच की जा रही है। मामला हरगांव थाना क्षेत्र के अनियापुर गांव का है। 2 तस्वीरें देखिए दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे लहरपुर थाना क्षेत्र के बस्तीपुरवा निवासी खुशीराम (22) और मोहिनी (20) पिछले तीन साल से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों चेचेरे भाई-बहन थे। खुशीराम की भाभी रीता ने बताया कि मोहिनी हमारे ही पटीदारी की लड़की है। दोनों काफी समय से आपस में बातचीत करते थे, लेकिन परिवार के लोगों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। 6 दिसंबर को खुशीराम और मोहिनी ने गांव के ही महामई मंदिर में एक-दूसरे से शादी कर ली। जब इस बात की जानकारी परिवार को हुई तो हम लोग भी वहां पहुंचे। इसके बाद काफी मान-मनौव्वल के बाद घर के बड़े लोग राजी हो गए। सभी ने दोनों को आशीर्वाद दिया और उन्हें घर ले आए। इसके बाद सबकुछ सामान्य चल रहा था और दोनों काफी खुश थे। शनिवार रात खाना खाने के बाद गायब हो गए शनिवार रात दोनों ने साथ में खाना खाया और फिर अपने कमरे में चले गए। रविवार सुबह जब मैं मोहिनी को उठाने के लिए गई तो देखा कि कमरे में कोई नहीं था। कमरा खाली था। इसके बाद मैंने घर के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। घर वालों को लगा कि दोनों कहीं आसपास ही होंगे। मोहिनी के मायके में भी पता किया गया, लेकिन वहां भी दोनों नहीं मिले। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने आकर बताया कि मोहिनी और खुशीराम का शव मंदिर के पास एक पेड़ से लटकता हुआ मिला है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों एक ही फंदे से लटक रहे थे। इसी मंदिर के पास दोनों ने 22 दिन पहले शादी की थी और आज उसी स्थान पर दोनों की लाश मिली। दोनों के पैर जमीन को छू रहे थे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि दोनों के परिवार वाले अभी कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं हैं। मृतक युवक की भाभी ने बताया कि रात में दोनों खाना खाकर सोए थे और करीब सुबह 4 बजे कमरे में नहीं दिखे। मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने शवों की हालत देखकर बताया कि दोनों के पैर जमीन को छू रहे थे। ————————————————– ये खबर भी पढ़ेंः- PCS अफसर कफन हटाकर बेटी का चेहरा देखते रहे:बोले- जिंदा रहकर क्या करेंगे; बेटा-बेटी समेत 4 की अंगीठी के चलते हुई मौत ‘अभी तीन दिन पहले ही उन्हें नानी के यहां छोड़कर गया था। जब जाने लगा तो बेटा बोला कि पापा मुझे चिप्स खाना है। मैंने कहा था कि अब आऊंगा तो चिप्स लेकर आऊंगा, लेकिन मैं अपने बच्चे को चिप्स भी नहीं खिला सका।’ पढ़ें पूरी खबर…