यमुनानगर में बहू द्वारा प्रेमी से बात करने पर टोकने को लेकर की गई सास की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने साजिश रचकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। प्रेमी ने सास को खिलाने के लिए नशे की गोलियां दी, जिसे खाने में मिलाकर बहू ने सास को खिलाया था। सास पर जब इन दवाइयों का असर नहीं हुआ तो उसी रात आरोपी बहू ने पहले डंडे से उसके सिर पर वार किया और फिर तकिए उसे उसका दम घोंट दिया। हत्या को हादसे में तबदील करने के लिए चारपाई से गिरकर मौत की कहानी रची गई। पुलिस जांच में मामले का खुलासा हुआ तो सच्चाई सामने आई। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। 19 जुलाई की रात को की वारदात मामले को लेकर आज डीएसपी आशीष चौधरी ने प्रेसवार्ता खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हरगढ़ निवासी जितेंद्र सिंह की शादी 29 नवंबर 2023 को गांव मोमली वाला की 25 वर्षीय शिवानी से हुई थी। जितेंद्र ने बताया कि वह अपनी पत्नी, मां कमलेश, पिता सुमेर चंद और ताऊ रणबीर के साथ रहता है। घटना की रात, 19 जुलाई 2024 को, जितेंद्र करीब 5 किलोमीटर दूर एक फैक्ट्री में वेल्डिंग का काम करने गया था। उस रात उनकी मां की तबीयत खराब थी। रात करीब 12 बजे जितेंद्र ने शिवानी से फोन पर मां की तबीयत पूछी, तो शिवानी ने कहा कि उन्हें बेचैनी हो रही है। जब मां से बात कराने को कहा तो शिवानी ने बहाना बनाया कि बच्चा रोने लगा है और फोन काट दिया। चारपाई से गिरकर मौत की कहानी कुछ देर बाद, पौने एक बजे फिर फोन करने पर शिवानी ने पहले कहा कि तबीयत ठीक है, लेकिन फिर बताया कि मां चारपाई से गिर गई हैं और सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई। जितेंद्र मौके पर पहुंचा तो शव चारपाई पर पड़ा था और सुबह अंतिम संस्कार से पहले स्नान के दौरान महिलाओं ने देखा कि सिर में गहरी चोट लगी थी, लेकिन तब इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। हत्या की वजह शिवानी का बॉयफ्रेंड राजेश से अफेयर था, जो शादी से पहले से चला आ रहा था। जितेंद्र ने आरोप लगाया कि शादी के आठ महीने बाद उन्होंने शिवानी को राजेश से फोन पर बात करते पकड़ा, लेकिन शिवानी ने उसे अपना भाई बताया। जब शिवानी के परिवार से पूछा तो पता चला कि राजेश कोई रिश्तेदार नहीं है। बहाने से मिलने जाती थी शिवानी इस अफेयर का पता पूरे परिवार को चल गया था, और कमलेश अक्सर शिवानी को राजेश से बात करने से टोकती थीं। जितेंद्र का कहना है कि इसी रोकटोक से तंग आकर शिवानी ने राजेश के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके अलावा, शिवानी घर से पैसे चुराकर राजेश को देती थी, जो मजदूरी करता है। वह आंगनबाड़ी में राशन लेने के बहाने घर से निकलती और राजेश से मिलकर पैसे देती और लेती थी। शिवानी ने राजेश से कहा था कि वह जल्द पति से तलाक ले लेगी और दोनों साथ रहेंगे। जितेंद्र ने राजेश से बात भी की थी कि वह पीछे हट जाए, लेकिन राजेश ने कहा कि जब तक शिवानी नहीं कहेगी, वह नहीं हटेगा। दो दिन के रिमांड पर आरोपी शक होने की एक बड़ी वजह शव के नीचे तकिया मिलना था। जितेंद्र ने बताया कि उनकी मां कभी सिर के नीचे तकिया रखकर नहीं सोती थीं, लेकिन घटना के बाद शव के सिर के नीचे तकिया रखा था, जिसमें खून रिस रहा था। इसके अलावा, सिर से खून रिसना और गहरी चोट के निशान ने शक को और बढ़ाया। इन सब बातों को जोड़कर जितेंद्र ने एसपी कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पांच महीने बाद हत्या का केस दर्ज किया। अब पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर लिया है और दो दिन के रिमांड पर लिया है।
यमुनानगर में बहू ने की सास की हत्या:प्रेमी से मंगवाई थी नशीली दवा, असर न होने पर तकिए से घोंटा गला, गिरफ्तार
