दमोह : अधिकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने के आरोप में बाबू निलंबित
दमोह, 13 फ़रवरी (हि.स.)। शिक्षा विभाग दमोह में पदस्थ एक भृत्य को विभाग के ही अधिकारी कर्मचारियों को ब्लैकमेल करने के आरोप में दोषी पाये जाने पर निलंबित किया गया है। आरोपित के विरूद्ध काफी लम्बे समय चलने के बाद जांच में उसको दोषी पाने पर कार्यवाही की गयी है। प्रकरण के अनुसार मध्यप्रदेश अधिकारी/कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बेनर तले आधा सैकडा से अधिक प्राचार्यो के साथ बीआरसी भी शिकायत करने में आगे आये थे। जिले के शासकीय हाई स्कूल विनती में पदस्थ भृत्य राजेन्द्र अवस्थी के विरूद्ध ब्लैकमेल करने तथा शासकीय कार्य न करने के आरोप लगाये गये थे।
मामले की जांच एसडीएम हटा के द्वारा की गयी जांच प्रतिवेदन के अनुसार भृत्य राजेन्द्र अवस्थी को पदीय दायित्वों को निर्वाहन न करते हुये स्वंय के स्थान पर किराये का व्यक्ति लगाकर कार्य कराने शासन के साथ धोखाधडी करने एवं निजि स्वार्थ के लिये सीएम हेल्प लाईन एवं अन्य माध्यमों से शिकायत करने एवं सोशल मीडिया पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध अशोभनीय टिप्पणी करने के मामले में दोषी पाया गया है। मामले के संबध में जिला शिक्षा अधिकारी एस.के.नेमा ने बताया कि भृत्य राजेन्द्र अवस्थी के विरूद्ध प्राप्त शिकायतों में जांच उपरांत उसको दोषी पाया गया है जिसको निलंबित कर दिया गया है।
—————
