सिरसा जिले के डबवाली में गांव सालम खेड़ा के पास रविवार रात काे युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में आरोपी हमलावरों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने अपनी लोकेशन बदल ली और कहीं बाहर फरार हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी हमलावरों की धरपकड़ शुरू कर दी है और हरियाणा की सीमा से लगते राजस्थान और पंजाब एरिया में भी उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। बुधवार शाम तक पुलिस आरोपियों को पकड़ सकती है। जानकारी के अनुसार, गुरमेल सिंह उर्फ लक्खा निवासी गांव देसू जोधा और गुरविंदर सिंह निवासी डबवाली ऑल्टो कार में सवार होकर सालम खेड़ा से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अन्य कार सवार युवकों ने उनकी कार को टक्कर मारकर रोका और हमला कर दिया। हमलावार जेन व इटियोस कार में सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस मामले में डबवाली पुलिस ने ओढ़ा थाना पुलिस और सीआईए दो टीमें गठित कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर गुरविंदर सिंह निवासी डबवाली, हैप्पी सिंह निवासी चकेरिया, सन्नी निवासी सालम खेड़ा, गगनदीप सिंह सुखविंदर सिंह और हैप्पी तीनों निवासी सालम खेड़ा सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों ने वारदात के बदल ली जगह ओढ़ा थाना प्रभारी आनंद बेनीवाल ने बताया कि हमलावर इटियोस और जेन कार में आए थे और वारदात के बाद उन्होंने अपनी जगह बदल ली है। ऐसे में उनकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। हमलावरों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही हमलावरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें गुरमेल दर्द से करहाता हुआ पड़ा दिखाई दे रहा है। सिलसिलेवार जानिए, पूरा मामला खेतीबाड़ी करता था गुरमेल: 30 वर्षीय मृतक गुरमेल देसू जोधा गांव निवासी पहले सैलून का काम करता था और इन दिनों वह खेतीबाड़ी करता था। वह अविवाहित था। यह घटना जिले के गांव सालम खेड़ा में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुई और रात को पहले सिरसा के सिविल अस्पताल और बाद में उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कई दिनों से चल रही थी तकरार: दोनों पक्षों में पिछले कई दिनों से तकरार चल रही थी। इसी के चलते वह दोनों पक्ष गाड़ियों में सवार होकर सालम खेड़ा पहुंचे और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। गुरमेल के साथ वाले कुछ युवक जान बचाने को भाग गए, क्योंकि दूसरे पक्ष से युवक ज्यादा थे। बाद में गुरमेल को उन सभी ने जमीन पर गिराकर पीटा और डंडों व हथियारों से उसके पांव तोड़ दिए और सिर व हाथों पर चोट मारी। इसके बाद हमलावर युवक गुरमेल को अधमरी हालत में छोड़कर वहां से गाड़ियां लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद गांव वाले पहुंचे और घायलावस्था में गुरमेल को देख उसका नाम-पता पूछकर परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। गुरमेल को चोटें अधिक लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
डबवाली युवक मर्डर केस, दो गाड़ियों में आए थे हमलावर:वारदात के बाद बदली लोकेशन, सीआईए सहित दो टीमें गठित, पीट-पीटकर मारा था
