हरियाणा के नूंह में एक महिला को उसके पति ने पहले तो बुरी तरह पीटा और फिर उसके बाल काट दिए। उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया, जिसके बाद उसने सुधबुध खो दी। पूरे ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करते रहे और आधी रात सुनसान जगह छोड़ आए। घायल महिला का इलाज अभी नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला के बयान लिए। पुलिस ने कहा कि अभी कोई लिखित शिकायत हमें नहीं मिली है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला और उसके पति में काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। इसके चलते महिला एक महीने से अपने मायके रह रही थी। दो दिन पहले ससुराल और मायका पक्ष की सहमति पर पंचायत ने दोनों में राजीनामा करवाया था। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… परिजन बोले- पति कई बार अबॉर्शन करवा चुका उस्मानी के भाई जैकम ने बताया कि उनका जीजा नशे में बहन को पीटता था। वो कई बार उसका अबॉर्शन करवा चुका है। इसी सब के चलते वो उसे छोड़कर मायके आकर रहने लगी थी। मायके में रहने के बाद भी वो उसे फोन पर धमकाता था। कुछ दिन पहले पंचायत द्वारा राजीनामा करवाने के बाद ही वो ससुराल लौटी थी। SHO बोले- लिखित शिकायत मिलते ही कार्रवाई करेंगे बिछोर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।
पत्नी के बाल काटकर सुनसान जगह फेंका:नूंह में महिला बोली- जूस में नशा देकर बेहोश किया; परिजन बोले- कई बार जबरन अबॉर्शन करवाया
