राजभवन में 17 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों का सांस्कृतिक मिलन समारोह

Spread the love

इस मिलन समारोह में दिल्ली, झारखंड, पंजाब, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, लद्दाख और चंडीगढ़ के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रदेशों की संस्कृति, परंपराओं और अनुभवों को साझा किया।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि यह मिलन कार्यक्रम न केवल विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों को एक साथ लाने का मंच है, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना की सशक्त अभिव्यक्ति भी है। उन्होंने कहा कि भारत अनेक संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं का संगम है और ऐसे आयोजन विविधता में एकता की भावना को और मजबूत बनाते हैं। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं तथा विभिन्न समुदायों के बीच जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।

राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाने में योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने हिमाचल प्रदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान को साझा करने और राज्यपाल द्वारा इस तरह का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।