गुरुग्राम में पुलिस एनकाउंटर में बदमाश गिरफ्तार:आरोपी ने फायरिंग की; पैर में गोली लगी, लूट-चोरी समेत 10 मामले पहले से दर्ज

Spread the love

गुरुग्राम की सोहना क्राइम ब्रांच ने एक कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहा था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोहना अपराध शाखा इंचार्ज सब इंस्पेक्टर विनय ने बताया कि 4 फरवरी की रात सूचना मिली थी कि कुख्यात बदमाश राशिद हथियारों के साथ बिना नंबर की बाइक पर सोहना आ रहा है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर आरोपी सोहना-अलवर रोड की ओर भागने लगा। तेज रफ्तार के कारण उसकी बिना नंबर की अपाचे बाइक असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस पर 2 फायर किए बाइक गिरने के बाद आरोपी राशिद ने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर 2 फायर किए। इनमें से एक गोली सरकारी वाहन के बंपर पर लगी, जबकि दूसरी सब इंस्पेक्टर विनय के पास से गुजरी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। राजस्थान का रहने वाला है आरोपी पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान राशिद (करीब 30 वर्ष), निवासी गांव थलचाना, जिला डींग (राजस्थान) के रूप में बताई। पुलिस टीम ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पिस्टल और कारतूस के खोल बरामद घटना के बाद FSL, सीन-ऑफ-क्राइम टीम और सोहना शहर थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुठभेड़ के दौरान 4 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी ने 2 और पुलिस टीम ने 2 फायर किए। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की बाइक, एक पिस्टल और 4 खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं। लूट-चोरी जैसे कई मामले दर्ज हैं आरोपी राशिद का लंबा क्रिमिनल रिकॉर्ड बताया जा रहा है। उसके खिलाफ नूंह, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत करीब 10 मामले पहले से दर्ज हैं।