जींद में 152-डी पर ट्रक में घुसी क्रेटा, 2 मरे:पंचकूला से दिल्ली जा रहे थे चार साथी; मृतक कर्मचारी हिसार-नैनीताल के

Spread the love

जींद जिले में बुधवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 152-डी नेशनल हाईवे पर जम्मू-कटरा टोल प्लाजा से कुछ दूरी पहले हुआ। एक ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही क्रेटा कार उसमें जा घुसी। पुलिस ने पिल्लुखेड़ा थाना में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। यूपी के शामली के गांव कंडेला के रहने वाले रजनीश ने बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-16 स्थित बिग हैप्पी कंपनी में कार्यरत है। वह अपने साथियों मनमोहन निवासी सिसवाल (हिसार), कर्ण मेहरा निवासी नैनीताल (उत्तराखंड) और आकाश निवासी भैंसा (चंदौली, उत्तर प्रदेश) के साथ निजी कार्य से दिल्ली जा रहा था। उसने बताया कि चारों युवक मनमोहन की क्रेटा कार में सवार थे। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे जब वे 152-डी नेशनल हाईवे पर जींद जिले में पिल्लुखेड़ा क्षेत्र में जम्मू-कटरा टोल प्लाजा से पहले पहुंचे, तो आगे चल रहे ट्रक ड्राइवर ने अचानक बीच सड़क पर ब्रेक लगा दिए। क्रेटा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई तेज रफ्तार में चल रही उनकी कार ट्रक से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल जींद ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मनमोहन और कर्ण मेहरा को मृत घोषित कर दिया। रजनीश और आकाश को गंभीर चोटें आने के कारण पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिल्लुखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई संजीत कुमार ने अस्पताल में घायलों के बयान दर्ज किए। रजनीश ने अपने बयान में बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ, क्योंकि उसने अचानक ब्रेक लगाए थे। पुलिस के जांच अधिकारी ASI संजीत के अनुसार… ट्रक चालक मौके से फरार है। पीड़ित के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक नंबर और चालक की तलाश की जा रही है।