जींद पहुंची देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन:सोनीपत रूट पर चलेगी, इसी महीने PM करेंगे समर्पित; ₹120 करोड़ का प्लांट

Spread the love

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद पहुंच गई है। यह ट्रेन जींद से सोनीपत रूट पर चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी माह इसे देश को समर्पित करेंगे। जींद रेलवे जंक्शन पर लगभग 120 करोड़ रुपए की लागत से 2 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में एक हाइड्रोजन गैस प्लांट का निर्माण कार्य जारी है, जहां फिलहाल टेस्टिंग चल रही है। इंजन धुएं की बजाय भाप और पानी छोड़ेंगे हाइड्रोजन गैस से चलने वाले इंजन धुएं की बजाय भाप और पानी छोड़ेंगे, जिससे प्रदूषण नहीं होगा। इसकी रफ्तार और यात्रियों को ले जाने की क्षमता डीजल ट्रेन के बराबर होगी। यह ट्रेन एक किलोग्राम हाइड्रोजन में लगभग साढ़े चार लीटर डीजल के बराबर माइलेज देगी, जिससे रखरखाव भी सस्ता होगा। 10 गुना अधिक दूरी तय करने की क्षमता इलेक्ट्रिक ट्रेनों की तुलना में हाइड्रोजन ट्रेनें 10 गुना अधिक दूरी तय कर सकती हैं। यह ट्रेन 360 किलोग्राम हाइड्रोजन में 180 किलोमीटर का सफर करेगी। इसमें दो पावर प्लांट होंगे और ईंधन सेल की लागत व रखरखाव भी कम खर्चीला होगा। इन ट्रेनों में आवाज भी कम होगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। 110 से 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार जींद से सोनीपत की दूरी लगभग 90 किलोमीटर है। यह ट्रेन 110 से 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। हाइड्रोजन प्लांट में जमीन के नीचे लगभग 3 हजार किलो गैस भंडारण की क्षमता वाला एक स्टोरेज तैयार किया गया है। ट्रेन को प्रति घंटे 40 हजार लीटर पानी की आवश्यकता होगी, जिसके लिए स्टेशन की छतों से पानी भी प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। अक्षय ऊर्जा भंडारण-सुपर कैपेस्टर लगे हाइड्रोजन से चलने वाली यह ट्रेन आठ से दस डिब्बों की होगी और हाइब्रिड तकनीक पर आधारित होगी, जिसमें अक्षय ऊर्जा भंडारण जैसे बैटरी या सुपर कैपेस्टर लगे होंगे। इंजन में डीजल की जगह फ्यूल सेल, हाइड्रोजन और ऑक्सीजन का उपयोग किया जाएगा। ऑक्सीजन की मदद से हाइड्रोजन नियंत्रित ढंग से जलेगी, जिससे बिजली पैदा होगी। यह बिजली लिथियम आयन बैटरी को चार्ज करेगी, जिससे ट्रेन चलेगी। इस प्रक्रिया में धुएं की जगह केवल भाप और पानी निकलेगा। जींद के रेलवे जंक्शन का भी होगा उद्घाटन डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि इसी माह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे देश को समर्पित करेंगे और इसी दिन जींद के रेलवे जंक्शन का भी उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। जल्द ही तिथि की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर इस ट्रेन को जींद से सोनीपत के लिए चलाया जाएगा, उसके पश्चात इसका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की यह पहली हाइड्रोजन ट्रेन है।