महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) का 12वां दीक्षांत समारोह आज विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति (CJI) सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू और आईआईटी रोपड़ के निदेशक डॉ. राजीव आहुजा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कौशिक ने बताया कि समारोह में कुल 1,462 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 827 स्नातकोत्तर, 557 स्नातक और 78 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री दी जाएगी। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए 50 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 30 छात्राएं और 20 छात्र शामिल हैं। पीएचडी प्राप्त करने वाले शोधार्थियों में 40 महिलाएं और 38 पुरुष हैं। कुलपति ने दी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर टंकेशवर कुमार ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का समारोह में शामिल होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी की गई हैं। 31 जनवरी 2026 तक डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थी होंगे शामिल कुलपति ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने 31 जनवरी 2026 तक अपनी डिग्री सफलतापूर्वक पूरी कर ली है, उन्हें इस दीक्षांत समारोह में उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कुल 797 छात्र और 665 छात्राएं उपाधि प्राप्त करेंगी। इनमें से 679 विद्यार्थी हरियाणा राज्य के हैं, जबकि 783 विद्यार्थी देश के अन्य राज्यों से हैं, जो विश्वविद्यालय की विविधता और बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। समारोह के लिए निर्धारित ड्रेस कोड दीक्षांत समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा। पुरुष प्रतिभागी सफेद कुर्ता के साथ पायजामा या पैंट पहनेंगे, जबकि महिला प्रतिभागी ऑफ-व्हाइट साड़ी (दो इंच की मैरून लाल बॉर्डर के साथ) या ऑफ-व्हाइट कुर्ता के साथ सलवार, चूड़ीदार या पैंट पहन सकती हैं। विश्वविद्यालय की ओर से ऑफ-व्हाइट रंग का स्कार्फ प्रदान किया जाएगा और सभी प्रतिभागियों को फॉर्मल जूते पहनने होंगे। आयोजन के लिए बनीं 15 कमेटियां दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने 15 अलग-अलग कमेटियां गठित की हैं। इनमें स्टीयरिंग कमेटी, रिसेप्शन कमेटी, स्टेज अरेंजमेंट, सीटिंग अरेंजमेंट, टेक्निकल सपोर्ट और मीडिया कमेटी सहित अन्य समितियां शामिल हैं। इन कमेटियों के माध्यम से समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महेंद्रगढ़ में CU का दीक्षांत समारोह आज:CJI सूर्यकांत होंगे मुख्य अतिथि, 1,462 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां
