गुरुग्राम के मंदिर में चले जमकर लाठी-डंडे:पुजारी की नियुक्ति पर विवाद, महिलाएं समेत कई घायल, सोशल-मीडिया पर वीडियो वायरल

Spread the love

गुरुग्राम जिले के समसपुर गांव में मंदिर के पुजारी की नियुक्ति को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाएं समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। दो पक्षों में लंबे समय से मतभेद जानकारी के अनुसार, समसपुर गांव स्थित मंदिर में पुजारी की नियुक्ति को लेकर दो पक्षों में लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। झगड़े में पुलिसकर्मी भी चोटिल झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी कि बीच-बचाव के दौरान पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए। घटना के बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग वहीं, मामला दर्ज होने के बावजूद पीड़ित पक्ष प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि झगड़े में शामिल एक हरियाणा पुलिस कर्मचारी उन्हें लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे वे डरे हुए हैं। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाई पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी। फिलहाल, इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।