रामायण पर पूर्व सांसद राजकुमार सैनी का विवादित बयान:फरीदाबाद में बोले- धार्मिक कथाएं मानसिक रूप से गुलाम बना रहीं, कथावाचक लाखों रुपए कमा रहे

Spread the love

हरियाणा के फरीदाबाद पहुंचे पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने रविवार को धार्मिक मान्यताओं और रामायण को लेकर विवादित बयान दिया। सैनी ने कहा कि उनके समाज के लोगों को काल्पनिक कहानियों में उलझाकर रखा गया है। रामायण को काल्पनिक रूप में पेश किया गया, जबकि असली को तो पेरियार ई.वी. रामासामी ने प्रचारित किया था। कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी यहीं नहीं रुके, उन्होंने मौजूदा धार्मिक कथाओं और संत-महात्माओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सब लोगों को ‘मानसिक रूप से गुलाम’ बनाए रखने का माध्यम बन गए हैं। उन्होंने कहा कि कथावाचक लाखों रुपए कमाकर कथा बोलते हैं। उन्होंने कहा कि 10-10 सिरों वाले व्यक्ति को रावण बनाकर दिखाया गया, लेकिन ऐसा कोई व्यक्ति था ही नहीं। ये सब केवल कहानियां है, जिससे लोगों को असल मुद्दों से भटकाया जाता है। जानिए पूरा मामला… पहले भी विवादों में रहे राजकुमार सैनी वर्ष 2015-16 में भी जाट आरक्षण मुद्दे पर आंदोलन के दौरान राजकुमार सैनी ने कई विवादित बयान दिए थे। आंदोलन के बीच राजकुमार सैनी ने बयान दिया था, ‘यदि सरकार दबाव में आकर जाटों को रिजर्वेशन देती है तो बीजेपी का कांग्रेस से भी बुरा हाल होगा। रेलवे ट्रैक सड़क जाम करने वाले नेताओं को शर्म आनी चाहिए। सरकार ऐसे लोगों पर मुकदमे दर्ज करे। ताकि उन्हें सबक मिले। जोर दिखाकर सरकार को झुकाया नहीं जा सकता।’ इस बयान से जाट नेता भड़क गए थे और प्रदर्शनकारियों ने सैनी के घर पर हमला कर दिया था। उस समय भाजपा में होने के कारण पार्टी ने सैनी को उनके बयान के लिए कारण बताओ नोटिस तक जारी किया था। नवीन जिंदल को हराकर कुरुक्षेत्र से चुने गए थे सांसद अंबाला के रहने वाले राजकुमार सैनी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और नवीन जिंदल को हराकर जीत हासिल की थी। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी से टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में गोहाना सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। राजकुमार सैनी ने बाद में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने के लिए “लोकतंत्र सुरक्षा मंच” नाम का संगठन भी बनाया और OBC वर्ग की राजनीति शुरू की। ————– यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में पूर्व MP सैनी बोले-हिंदू केवल स्वर्ण समाज:एससी-ओबीसी भारत का मूल नागरिक, UGC वापस हुआ तो नेपाल-बंगलादेश वाला हाल होगा यूजीसी के समर्थन में लोक जन सुरक्षा पार्टी ने पूर्व सांसद राजकुमार सैनी की अगुवाई में रेवाड़ी में धरना दिया। इस दौरान राजकुमार सैनी ने कहा कि एससी-ओबीसी भारत का मूल नागरिक है। यहां हिंदू केवल स्वर्ण समाज है। पढ़ें पूरी खबर…