टॉयलेट का विरोध किया तो सिपाही ने मार डाला:प्रयागराज में बहन की शादी में साथियों संग की वारदात, चापड़ से वार किए

Spread the love

प्रयागराज में शादी समारोह में सिपाही ने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। वजह यह थी कि युवक ने खाली प्लॉट में पेशाब करने का विरोध किया। इस पर आरोपी भड़क गया। फिर चापड़ और तंदूर बनाने वाली लोहे की सरिया से साथियों के साथ हमला कर दिया। युवक पर 6-7 वार किए गए। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। कुछ ही मिनटों में उसकी जान चली गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गए। युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। गेस्ट हाउस में तोड़-फोड़ की। शव सड़क पर रखकर बैठ गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। हालांकि, बाद में अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी सिपाही का नाम अंकित कनौजिया है। उसकी ताऊ की बेटी की शादी थी। मृतक की पहचान राजेश निषाद के रूप में हुई। घटनास्थल से 100 मीटर दूर ही उसका घर है। पूरी घटना गुरुवार रात नैनी थाना क्षेत्र के कुशवाहा गेस्ट हाउस के सामने हुई। जानिए पूरा मामला…
मड़ौका के रहने वाले ननकऊ की बेटी की शादी गुरुवार को थी। बारात कुशवाहा गेस्ट हाउस में आई थी। देर रात 12 बजे बाराती खाना-पीना और नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बाराती पास में रहने वाले राजेश निषाद के खाली पड़े प्लॉट में पेशाब करने चले गए। उसी प्लॉट में राजेश की गाड़ी खड़ी थी। राजेश ने गाड़ी के पास पेशाब करने का विरोध किया। इस पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बात बढ़ने पर गाली-गलौज और फिर मारपीट होने लगी। इसी बीच ननकऊ का भतीजा अंकित कनौजिया भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि अंकित ने गेस्ट हाउस में तंदूर पर रखी लोहे की सरिया उठा ली। उसी सरिये से राजेश के चेहरे पर कई वार किए। इसके बाद चापड़ से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राजेश खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हत्या के बाद गेस्ट हाउस में बवाल
राजेश की मौत की खबर फैलते ही गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित परिजनों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर एसीपी करछना सुनील सिंह भारी फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने पहले भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, फिर शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। मगर परिजनों ने शव को हाथ नहीं लगाने दिया। उनका कहना था कि पहले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी हो, तभी शव उठाया जाएगा। पुलिस ने गेस्ट हाउस से 12 बारातियों को हिरासत में लिया। साथ ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद भीड़ शांत हुई। 100 मीटर की दूरी पर था मकान नैनी इंस्पेक्टर ब्रज किशोर गौतम ने बताया कि जिस कुशवाहा गेस्ट हाउस में बारात आई थी, वहां से 100 मीटर की दूरी पर राजेश का मकान है। उसके पास ही खाली प्लॉट है। इस प्लॉट में राजेश के माता-पिता की समाधि बनी हुई है और वहीं राजेश की गाड़ी खड़ी रहती है। बाराती इसी प्लॉट में टॉयलेट कर रहे थे। राजेश ने इसका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया। मारपीट में राजेश की मौत हो गई। परिजनों ने तहरीर दी है। जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। —————– यह खबर भी पढ़ें- यूपी में 20 हजार पदों पर आउटसोर्स से होंगी भर्तियां:426 करोड़ बजट बढ़ा; 16 हजार सैलरी मिलेगी; जानिए और क्या फायदे होंगे
यूपी की योगी सरकार ने चुनाव से पहले आउटसोर्स से 20 हजार से ज्यादा पद भरने की तैयारी कर ली है। इसके संकेत इस विभाग के बढ़ाए गए बजट से मिले हैं। सरकार ने इस बार बजट में 426 करोड़ का इजाफा करते हुए 2223.84 करोड़ रुपए जारी किए हैं। पढ़ें पूरी खबर….