प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को कहा है कि, पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार के समय पूरी प्रक्रिया पारदर्शी थी। रेत खदानों की नीलामी के बाद खनिज विकास निगम के नियंत्रण में सभी रेत खदानों में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए गए थे जो भाजपा की सरकार आने के बाद से बंद कर दिए गए। जितने रेत खदान संचालित है उसे तीन गुना अधिक अवैध घाट चल रहे हैं। अवैध उत्खनन, अवैध भंडारण और ओवरलोडिंग परिवहन को सरकार का संरक्षण है। छत्तीसगढ़ के तमाम नेशनल हाईवे, राजकीय मार्ग, जिला सड़क और गांव में भी सरकारी जमीनों पर अवैध रेत भंडारण आज भी मौजूद हैं। कांग्रेस ने धमतरी, महासमुंद, बिलासपुर और जांजगीर चांपा सहित प्रदेश के 85 जगह पर अवैध रेत भंडारण के खिलाफ आंदोलन किया, हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद भी सत्ताधारी दल के सांठगांठ से अवैधता का कारोबार पूरे प्रदेश में निर्वाचित रूप से चल रहा है और उसी से ध्यान भटकाने के लिए यह सरकार झूठे दावे कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाते हुए कहा है कि, भाजपा सरकार पूरी तरह से रेत माफिया के कब्जे में है। इस सरकार में तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि 12 मई 2025 को बलरामपुर में एक कांस्टेबल को ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिया गया, यह भाजपा के मंत्री राम विचार नेताम का क्षेत्र है। 16 जून 2025 को बलौदा बाजार में खनिज कर्मचारियों, अधिकारियों को बंधक बनाकर मारपीट किया गया। कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार आक्रामक रही, विधानसभा में भी स्थगन प्रस्ताव लाया गया लेकिन यह सरकार पूरी तरह से सरेंडर मोड़ पर है। कमीशन की काली कमाई में हिस्सेदारी के लालच में यह सरकार अवैध रेत के तस्करों को संरक्षण दे रही है और जनता का ध्यान भड़काने के लिए पिछले तीन महीना से ऑनलाइन नीलामी की बात कह कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
