कांग्रेस बोली- सीएम, मंत्री के झगड़े में मास्टर प्लान अटका:सिंगरौली में अदाणी माइंस के लिए काट रहे पेड़; मंत्री का जवाब- इससे नुकसान नहीं

Spread the love

मध्य प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र का आठवां दिन निराश्रित गोवंश, अदाणी कोल माइंस, मास्टर प्लान और टूटते पुलों को लेकर हंगामे के नाम रहा। कांग्रेस विधायकों ने कोल माइंस के लिए पेड़ कटाई को गैर जरूरी बताया तो भाजपा की तरफ से कहा गया कि पेड़ कटाई से कोई नुकसान नहीं होगा। कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा- ये बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि मंत्री कह रहा है कि हमने मास्टर प्लान बना लिया, मुख्यमंत्री जी को दे दिया…अब मुख्यमंत्री जी के यहां रुका हुआ है। इन दोनों के झगड़े में इंदौर जैसे ऐतिहासिक शहर का मास्टर प्लान अटका हुआ है। तराना विधायक महेश परमार बोले- जब से राकेश सिंह पीडब्ल्यूडी मंत्री बने हैं, तब से पुल टूटने के मामले में रिकॉर्ड बन रहा है। भोपाल में 90 डिग्री एंगल का ब्रिज बना दिया और मंत्री जी कह रहे हैं कि देश में ऐसे कई और पुल बने हुए हैं। यदि यह पुल सही बना था तो उन अधिकारियों को प्रोत्साहित क्यों नहीं किया? उनके ऊपर कारवाई करके उन्हें सस्पेंड क्यों किया, इसका जवाब दें। विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई है। फसल की रखवाली करें या गोवंश को ढूंढते फिरें किसान कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने निराश्रित गोवंश से फसलें नष्ट होने और यातायात बाधित होने की स्थिति पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल की रखवाली करें या निराश्रित गोवंश को ढूंढते फिरें। किसान रात में टॉर्च लेकर खेतों में गोवंश को भगाने को मजबूर हैं। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि निराश्रित गोवंश से परेशान होकर किसान अपने खेतों में करंट लगा देते हैं, जिससे अनजाने में गोवंश की मौत हो जाती है। कई बार बच्चे भी इसकी चपेट में आ जाते हैं। इसके जवाब में पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने कहा- 25 जिलों में गौशालाओं के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। जबलपुर, रायसेन, दमोह, सागर, अशोकनगर, खरगोन और रीवा में टेंडर जारी हो चुके हैं। एक स्थान पर कम से कम 5 हजार गोवंश रखने की व्यवस्था होगी। वर्तमान में करीब 10 लाख निराश्रित गोवंश बेसहारा हैं, जिनमें से 4 लाख नई व्यवस्था के बाद सुरक्षित हो सकेंगे। जंगलों और आदिवासियों को उजाड़ना चाहती है बीजेपी वहीं, सिंगरौली में अदाणी समूह की कोल माइंस के लिए पेड़ कटाई मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने कहा कि बीजेपी जंगलों और आदिवासियों को उजाड़ना चाहती है। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह बोले- भाजपा अदाणी जी के पास गिरवी रखी हुई है। जब भी अदाणी जी पर कांग्रेस के विधायक या नेता कोई आरोप लगाते हैं, तो भाजपा नेताओं को आपत्ति होने लगती है। इसके जबाव में भाजपा विधायक रामनिवास शाह ने कहा- पेड़ कटाई से सिंगरौली का एक पैसे का नुकसान नहीं होगा। कोल माइंस के लिए पेड़ काटना जरूरी है, क्योंकि बिना कोयले के बिजली और बिना बिजली के पानी संभव नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि पेड़ कटाई के बजाय विस्थापन और मुआवजे के मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। असली समस्या जमीन, विस्थापन और मुआवजे की है, जिस पर सरकार काम कर रही है। अदाणी को खदान मिलने पर उन्होंने कहा कि खदान नीलामी प्रक्रिया से मिलती है और अदाणी के अलावा एस्सार, जेपी और नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड जैसी कंपनियां भी वहां काम कर रही हैं। कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी ने जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह को विभाग से संबंधित समस्याएं बताते हुए कहा कि शाह जब बोलते हैं तो देश हिल जाता है। इस पर सदन में ठहाके गूंज उठे। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि ज्यादा प्रशंसा न करें ताकि फिर न कुछ बोल दें। झूमा सोलंकी ने यह भी कहा कि छात्रावास में एक ही वार्डन 200 से अधिक बच्चों को संभाल रही है। 50 बच्चों के लिए एक वार्डन की व्यवस्था मंत्री को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में टीचर नहीं है। अतिथि शिक्षकों के भरोसे पूरी व्यवस्था चल रही है यहां स्थाई टीचर की व्यवस्था की जाए इसके साथ ही कई विद्यालय भवन विहीन हैं। भवन विहीन विद्यालयों में बच्चों को पढ़ने में दिक्कत होती है, विद्यालय की व्यवस्था की जाए। जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह ने कहा कि आज विभाग के अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान विधायकों ने जो सुझाव दिये है वह बहुत अच्छे हैं। मैं मंत्री बन गया हूं लेकिन इतनी बुद्धि नहीं है। मंत्री बन जाने से बुद्धि नहीं आ जाती। सबके सुझावों के आधार पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि गैस त्रासदी से पीड़ित परिवारों को उपचार दिलाने के लिए गैस राहत अस्पताल के डॉक्टरों की तनख्वाह बढ़ाने का काम विभाग ने किया है इसके साथ ही गैस प्रभावित 88 एकड़ जमीन को खाली करने का काम भी किया गया है। मंत्री ने कहा कि बिना भेदभाव के 10-10 करोड़ के काम आदिवासी विधायकों के क्षेत्र में करेंगे। मंत्री के इस बयान पर कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि इतनी देर से मंत्री का भाषण सुनने के लिए जो लोग बैठे हैं क्या वह सब पागल हैं इसके बाद मंत्री ने कहा कि सभी के यहां काम करेंगे लेकिन पहले आदिवासी विधायकों के यहां फोकस रहेगा उन्होंने यह भी कहा कि शेखावत जी आप पागल नहीं है और कोई भी विधायक पागल नहीं है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्री जी के भाषण से ऐसा लग रहा है कि वह उनकी निगाह बड़ी कुर्सी पर है इस पर मंत्री शाह हंसते हुए बोले कि भैया यहीं रहने दो। विधायक सीतासरण शर्मा ने कहा कि इटारसी में कन्या परिसर के लिए ऑडिटोरियम दे दीजिए इस पर मंत्री शाह ने कहा कि 2 करोड रुपए दे देंगे लेकिन बीच में अब कोई भी कुछ बोलेगा तो किसी को कुछ नहीं मिलेगा। जनजातीय कार्य मंत्री शाह ने कहा कि जितने भी बालक छात्रावास होंगे उनके नाम शंकर शाह रघुनाथ शाह छात्रावास होंगे और जितने भी कन्या छात्रावास होंगे उनके नाम रानी दुर्गावती छात्रावास रखे जाएंगे। मंत्री शाह ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में सांदीपनि विद्यालय आने जाने वाले बच्चों के लिए बसों की सुविधा भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में आदिवासी समाज की बेटियों को पढ़ने की सुविधा देने के लिए कॉलेज को बस देने की भी तैयारी है। इसके लिए मुख्यमंत्री से अनुमोदन लेकर फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले 3 सालों में प्रदेश के हर जिले में छात्रावास बनाए जाएंगे। शहरों में पढ़ने वाले आदिवासी बच्चों को आवास सुविधा देने के लिए भी सरकार योजना बना रही है। देश में आजादी के बाद मध्य प्रदेश इंदौर, भोपाल, उज्जैन ,जबलपुर में 2 साल तक के लिए कोचिंग सुविधा दी जाएगी। जल्द यह व्यवस्था प्रभावी होगी। विजय शाह ने कहा कि आदिवासियों के देव स्थान कई जिलों में वन क्षेत्र में मौजूद हैं पहली बार व्यवस्था की गई है कि आदिवासियों के देवस्थान की सुधार कार्य के लिए 5 करोड रुपए खर्च किए जाएंगे। वन विभाग के अफसर भी इसे रोक नहीं पाएंगे। आदिवासियों के बच्चों को विदेश में पढ़ने के लिए मोहन यादव सरकार हर साल 50000 डॉलर खर्च करेगी अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि एससी वर्ग के लोगों को संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए सरकार काम कर रही है। इनके शैक्षणिक उत्थान के लिए काम किया जा रहा है। विधानसभा की कार्यवाही के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…