भिवानी पहुंची कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा:पार्टी में दिखी गुटबाजी, सद्भाव यात्रा सम्मान समारोह में नहीं आए जिलाध्यक्ष, बोलीं-थोड़े बहुत डिफरेंस चलते हैं

Spread the love

भिवानी में आयोजित कांग्रेस के स्थापना दिवस एवं सद्भाव यात्रा सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा पहुंची। इस कार्यक्रम में भिवानी जिले के इकलौते लोहारू से विधायक राजबीर फरटिया, कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया और ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी भी नहीं पहुंचे। जिसके कारण लोगों में कांग्रेस की गुटबाजी की चर्चाएं तेज रही। इस दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस बहुत बड़ी पार्टी है, समंद्र है। सबकी अपनी जगह है। सबका काम है कि कांग्रेस को मजबूत करें। बड़ा संगठन होता है उसमें ये थोड़े बहुत डिफरेंस चलते हैं। उसमें कौन-सी बड़ी बात है। जब सवाल किया कि इस बार कांग्रेस की लहर मानी जा रही थी तो क्या इसी कारण सत्ता में नहीं आ पाई। इस पर कुमारी सैलजा ने कहा कि कुछ चीजें हैं, जिन पर पार्टी में विचार हो रहा है। बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद कुमारी सैलजा ने अरावली, मनरेगा और उन्नाव रेप केस के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा जो जमीन पर मुद्दे हैं चाहे अरावली का मुद्दा हो यह हमारा क्षेत्र है अरावली में आता है। अरावली को बचाने के लिए लोगों की मूवमेंट सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ है। हमें उसे मजबूत करना है। उन्होंने कहा आज हमारे ग्रामीण अंचल में लोगों सबसे कमजोर वर्ग के ऊपर प्रहार किया जा रहा है। उनकी रोजी-रोटी पर प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज उन चीजों को भी हमें उजागर करना है, उसको भी बढ़ाने की जरूरत है। किस प्रकार से मनरेगा को खत्म किया गया है। इसमें सिर्फ इसका नाम नहीं बदल गया। बात यह है कि गरीबों के हाथ मेहनत करके कमाई करता था, उसको खत्म करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। वहीं उन्होंने कहा कि अरावली बचाने के लिए जो लोगों के हित में कार्य हैं। उसमें कांग्रेस पार्टी बढ़-चढ़कर अग्रणी आवाज बनती रही है आगे भी बनती रहेगी। वोट चोरी पर बोली सांसद
वहीं दिल्ली में हुई वोट चोरी रैली को लेकर उन्होंने कहा उस रैली में राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लोग संदेश लेकर जन-जन तक गए। हम अपने लोकतंत्र को बचाने के लिए अपने वोट के अधिकार की चोरी नहीं होने देंगे। उन्नाव रेप मामले पर साधा निशाना उन्नाव रेप पीड़िता मामले पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जगह-जगह यह काम हुए हैं। कई राज्यों में यह काम हुए हैं, उत्तराखंड में अंकिता केस हुआ। हर जगह देखा होगा, न्याय दिलाने की बजाई बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का खोखला नारा लोगों पर न थोपा जाए, असल में न्याय दिलाया जाए। खास तौर पर उदाहरण के तौर पर इनको बीजेपी सरकार को आगे बढ़ना चाहिए। जब इनके बड़े-बड़े लोग ऐसे केसों में सम्मिलित होते हैं, लेकिन इस मामले में पीड़ित परिवार ने जांच अधिकारी के खिलाफ उंगली उठाई है। सरकार इनकी, लोग इनके, दोषी इनके तो ऐसे में बीजेपी इन लोगों को बचाने की कोशिश करती हैं और इन लोगों की सच्चाई सामने आ जाती हैं। न्याय के लिए हर तरह का प्रयास होना चाहिए। भाजपा सरकार जहां-जहां पर है उनके राज्य में ऐसा होता रहा है। चाहे हाथरस रहा हो उन्नाव रहा हो हर जगह देखा गया है। भाजपा अपने लोगों को बचाने का काम करती है।