हरियाणा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद ने बतौर मुख्यअतिथि की शिरकत
रोहतक, 1 नवंबर । राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगडा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जातपात व समाज को बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कभी कास्ट वॉर नहीं हुआ था। पहले यूपी व बिहार के बारे में सुनते थे, लेकिन हरियाणा में भाईचारे को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने खराब किया। साथ ही उन्होंने कहा कि इनेलो व कांग्रेस के कुशासन को प्रदेश की जनता भूली नहीं है और इसके लिए जनता कभी भी इनेलो व कांग्रेस को माफ नहीं करेगी। राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगडा शनिवार को एमडीयू में आयोजित हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने हरियाणा की पुरानी संस्कृति को दोबारा से विकसित करने का आह्वान किया है। साथ ही हरियाणा के रीति-रिवाज को बेमिसाल बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्राचीन समय में जाति को लेकर कोई भेदभाव नहीं रहा। साथ ही प्राचीन सनातन संस्कृति की जड़ भी हरियाणा में रही है।
बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद रामचन्द्र जांगडा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जातपात को बढ़ावा देकर समाज को बांटने का काम किया है। इनेलो द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के सवाल पर राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगडा ने कहा कि इनेलो के समय सबको पता है कि किसानों को क्या मुआवजा मिलता था और किस प्रकार से प्रदेश में डर व भय का माहौल था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सबसे अधिक मुआवजा किसानों को देने का काम किया है।
आज 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है और केन्द्र व प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए अनेक योजनाएं लागू की है। भाजपा सरकार ने पंक्ति में खडे अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। भाजपा सरकार से हर वर्ग पूरी तरह से खुश है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, उपायुक्त सचिन गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, उत्सव आनंद, मुकुंद तंवर, वीरेंद्र सिंह ढुल, मनजीत कुमार, अंकित कुमार, शुभम, डॉ. रमेश चंद्र प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
