यूपी में नैनीताल से ज्यादा ठंड, जीजा-साले की मौत:27 जिलों में बारिश जैसा कोहरा; नए साल पर बिगड़ा रहेगा मौसम

Spread the love

यूपी में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी और सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में मौसम बिगड़ गया है। कानपुर, वाराणसी, अयोध्या, बरेली समेत 27 जिलों में घना कोहरा छाया है। लखनऊ में शीतलहर रिमझिम बारिश की तरह पड़ रही है। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य रिकॉर्ड की गई। सड़कों पर विजिबिलिटी इतनी कम है कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। प्रदेश में नैनीताल से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। मेरठ का तापमान 4.6°C दर्ज किया गया, जबकि नैनीताल का तापमान 5 डिग्री रहा। मेरठ के बाद 4.8°C के साथ इटावा दूसरे और 6.2°C के साथ बाराबंकी तीसरे नंबर पर रहा। कोहरे की वजह से वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर सड़क हादसे में जीजा–साले की मौत हो गई। तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दोनों को कुचल दिया। हादसे में शवों के टुकड़े सड़क पर बिखर गए। प्रयागराज, देवरिया समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 50 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। गोरखपुर समेत कई एयरपोर्ट्स पर 5 फ्लाइट्स कैंसिल हैं। कई देरी से उड़ान भर रही हैं। लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तराखंड-हिमाचल में बर्फबारी का असर यूपी तक पहुंच रहा है। गलन भरी उत्तरी–पछुआ हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज होगी। नए साल पर भी मौसम के बिगड़ने के आसार हैं। मौसम की तस्वीरें देखिए- 96 घंटे में ठंड से 4 लोगों की मौत
इससे पहले क्रिसमस की सुबह अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कोहरे की वजह से सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया। सर्द हवाओं से पहाड़ों जैसा महसूस हुआ। 96 घंटे में ठंड से 4 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कानपुर चिड़ियाघर में शेर, बाघ और तेंदुए को ठंड से बचाने के लिए हीटर, ब्लोअर और बल्ब लगाए गए हैं। खाने में मांस बढ़ाया गया है। भालू को दोगुना शहद पिलाया जा रहा है। उसे शकरकंद और अंडा खिलाया जा रहा है। गाजीपुर में बकरियों को स्वेटर पहनाया गया है। आपके शहर में मौसम कैसा है, आने वाले दिनों कैसे हालात रहेंगे, जानने के लिए स्क्रोल करिए…