हरियाणा में दिन रात जैसे ठंडे:शीतलहर से बढ़ी ठंड, आज भी 12 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट, 6 जिलों में कोहरा

Spread the love

हरियाणा में शीतलहर के कारण दिन रात जैसे ठंडे हो गए हैं। राजस्थान से सटे व मध्य हरियाणा में कोल्ड वेव से दिन का तापमान गिर रहा है। इसके कारण लोगों की कंपकंपी छूट गई है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, 10 जनवरी तक इससे राहत मिलने की संभावना नहीं है। आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत और अंबाला में कोहरे व धुंध का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पिछले तीन दिनों से ठंडी हवाएं चलने के कारण प्रदेश में कोहरा कम हुआ है। नारनौल का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सिरसा में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा अंबाला के तापमान में 6.1 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। ठंड और कोहरे का असर ट्रेनों पर भी पड़ रहा है। लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सरकार ने ठंड से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की हरियाणा सरकार ने ठंड से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तायुक्त एवं गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि सभी विभागों को मिलकर काम करने को कहा गया है। पिछले साल जनवरी में भी बहुत ठंड थी। इस साल भी वैसी ही ठंड पड़ रही है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम की जानकारी रखें। गर्म कपड़े, दवाइयां और जरूरी सामान पहले से ही तैयार रखें। ठंड लगने से सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां हो सकती हैं, इसलिए डॉक्टर से सलाह लें। ठंडी हवा से बचें और घर में रहें। विटामिन-सी वाले फल और सब्जियां खाएं और गर्म चीजें पिएं। बुजुर्गों, बच्चों और अकेले रहने वाले लोगों का ध्यान रखें।