यूपी में शीतलहर का कहर जारी है। 19 जिलों में घना कोहरा छाया है। हालात ऐसे हैं कि ओस की बूंदें रिमझिम बारिश जैसी पड़ रही हैं। बुधवार को लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, जौनपुर, बाराबंकी, गोंडा, समेत 19 जिलों में घना कोहरा पड़ रहा है। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य रिकार्ड की गई। सड़कों पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। 7.2°C न्यूनतम तापमान के साथ इटावा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, अयोध्या, लखीमपुर खीरी, बुलंदशहर में पारा 8°C दर्ज किया गया। पहाड़ों पर बर्फबारी और पछुआ हवाओं ने लोगों को घरों में दुबक कर रहने को मजबूर कर दिया है। वहीं, अंबेडकर नगर में कोहरे की वजह से डीसीएम और ट्रॉली की टक्कर हो गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। प्रदेश में कोहरे से पिछले चार दिनों में 30 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। इस दौरान 150 से ज्यादा वाहन टकराए। 28 लोगों की मौत हो गई। इस बीच कोहरे की वजह से लखनऊ एयरपोर्ट से 10 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि रियाद से आने वाली फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। विमान ने आसमान में काफी देर तक चक्कर लगाए, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। इसके अलावा ट्रेनों की आवाजाही पर भी खराब मौसम का असर दिख रहा है। 50 से ज्यादा ट्रेनें अपने समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अगले दो दिनों में पछुआ हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। हालांकि, तेज हवाओं के कारण कोहरे की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। मौसम की तस्वीरें देखिए- 2 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
यूपी में शीतलहर-कोहरा, 19 जिलों में बारिश जैसे हालात:लखनऊ से 10 फ्लाइटें रद्द, डीसीएम-ट्रॉली भिड़ी, 3 मौतें; 2 दिन और बढ़ेगी ठंड
