पहाड़ों से आने वाली सर्द हवाओं ने हरियाणा में कंपकंपी बढ़ा दी है। दिन में रात की तरह ठंड पड़ रही है। राजस्थान से सटे और मध्य हरियाणा में कोल्ड वेव से दिन का तापमान गिर रहा है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, आज और कल राहत मिलने की संभावना नहीं है। जीटी रोड बैल्ट के जिलों में सुबह से ही कहीं हल्का तो कहीं गहरा कोहरा छाया हुआ है। इससे विजिबिलिटी प्रभावित है। फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज भी हरियाणा के 17 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, गुरुग्राम, पलवल और नूंह शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान से सटे 7 जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रह सकती है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह जिले शामिल हैं। वहीं वीरवार की बात करें तो 8 जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। यहां अधिकतम तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। इन जिलों में 12 डिग्री के आसपास या इससे नीचे तापमान दर्ज किया गया है। इन जिलों में तापमान 5 डिग्री तक गिरा
हरियाणा में शीत लहर के कारण दिन का तापमान लगातार गिर रहा है। आज अंबाला और हिसार में तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। इसी तरह करनाल में पारा 4.8 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 5.9 और रोहतक में 4.4 डिग्री तक तापमान गिर गया। इन जिलों के अलावा सिरसा, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, पानीपत, सोनीपत में तापमान में गिरावट देखी गई है। हरियाणा सरकार मौसम को लेकर एक्टिव हुई
वहीं सर्दी को देखते हुए हरियाणा सरकार भी एक्टिव हो गई है। सरकार ने वाहनों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसके तहत गाड़ियों को 40 किमी प्रति घंटा तक रखने को कहा गया है। रोडवेज ड्राइवरों को खास हिदायत दी गई है। यदि निर्देशों का उल्लंघन हुआ तो विभागीय कार्रवाई होगी। वहीं, हरियाणा सरकार ने कोल्ड वेव एक्शन प्लान लागू किया है। इसके तहत मेडिकल टीमें गर्म कपड़े लेकर एक्टिव की गई हैं। मकर संक्रांति तक ठंड से राहत नहीं वहीं चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 13 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिम शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है इस दौरान राज्य में अलसुबह और देर रात्रि को हल्की से मध्यम धुंध रहने की संभावना है। इस दौरान बीच बीच में हल्की से मध्यम गति से शीत हवाएं चलने की भी संभावना है।
हरियाणा में शीत लहर का अलर्ट, कोहरा छाया:7 जिलों में 5 डिग्री तक गिरा तापमान; सोनीपत में धुंध, फरीदाबाद में बारिश हुई
