मध्यप्रदेश का ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग कोल्ड वेव यानी, शीतलहर से ठिठुर रहा है। रविवार को ग्वालियर, दतिया समेत 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। 20 से अधिक जिले सुबह कोहरे के आगोश में है। 2 दिन तक दिन-रात के पारे में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन 3 दिन बाद फिर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और सतना में सर्द हवाएं चलेंगी। इससे यहां दिन का तापमान भी कम रहेगा। वहीं, सुबह के समय ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रायसेन, शाजापुर, देवास, सीहोर, गुना, अशोकनगर, विदिशा में कहीं घना तो कहीं मध्यम कोहरा रहा। एमपी में पचमढ़ी सबसे ठंडा, पारा 5.8 डिग्री
शनिवार-रविवार की रात में प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5 बड़े शहरों में इंदौर का टेम्प्रेचर सबसे कम 7 डिग्री दर्ज किया गया। 20 से अधिक जिलों में कोहरा छाया रहा। इस वजह से दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की टाइमिंग पर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, पचमढ़ी, खजुराहो, नौगांव, मंडला, उमरिया, रीवा, राजगढ़, रायसेन, दतिया, मलाजखंड, दमोह, सतना, छिंदवाड़ा, खंडवा, सीधी, खरगोन और टीकमगढ़ में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्टरबेंस गुजरने के बाद बढ़ेगी ठंड
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अगले दो दिन के लिए कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। अभी उत्तरी हिस्से में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। यह सिस्टम जब आगे बढ़ेगा तो ठंड का असर भी बढ़ जाएगा और तापमान में गिरावट होगी। वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर करीब 252 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। इसका असर एमपी पर भी है और उत्तरी हिस्सा कांप रहा है। कोहरे से ट्रेनों की टाइमिंग पर असर
कोहरे की वजह से दिल्ली से प्रदेश में आने वाली ट्रेनों की टाइमिंग पर असर पड़ा है। खासकर मालवा, पंजाब मेल, जन शताब्दी जैसी ट्रेनें हर रोज लेट हो रही है। मालवा एक्सप्रेस भोपाल में 5 से 6 घंटे तक लेट आ रही है। रविवार को भी टाइमिंग पर असर पड़ रहा है।
ग्वालियर समेत MP के 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट:20 जिले कोहरे के आगोश में; 3 दिन बाद फिर कड़ाके की ठंड का दौर
